
व्यापारियों के समर्थन में उतरे किन्नर, किया अनोखा प्रदर्शन
आगरा। ये कूड़ा खा गया हां जी, ये सीवर पी गया हां जी, पार्किंग के दलालों को जूते मारो...चाचा मारो, भइया मारो, तुम भी मारो, हम भी मारें...आदि नारे लगाकर मंच पर ठुमके लगा रहे ये किन्नर किसी समारोह में बधाई लेने नहीं बल्कि संजय प्लेस में अवैध पार्किंग को लेकर धरना दे रहे व्यापारियों के समर्थन में जुटे हैं। यह नगर निगम की अवैध पार्किंग का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि त्योहारों पर हम व्यापारियों से बधाई लेते हैं। यदि व्यापारी परेशान होगा तो हम भी परेशान होंगे। आज व्यापारी मुसीबत में हैं। इस समय हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम उनका सहयोग करें।
किन्नर बने आगरा के प्रथम नागरिक
अवैध पार्किंग को लेकर संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पिछले 21 दिनों से चल रहा है। व्यापारियों के धरने को समर्थन देने के लिए किन्नरों की टोली धरना स्थल पर पहुंची। किन्नरों के सीने पर आगरा के प्रथम नागरिक का बोर्ड लगा था। किन्नरों का कहना था कि नगर निगम के अधिकारियों के नाक, कान और आंख मुंद गए हैं। अवैध पार्किंग हटनी चाहिए। किन्नरों का नेतृत्व कर रहीं काजल राठौर ने कहा कि वह व्यापारियों के इस आंदोलन में साथ हैं।
निगम अधिकारी आएं किन्नरों की टोली में
किन्नर काजल राठौर ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। उनको इस समस्या का समाधान करना चाहिए। व्यापारी 21 दिन से धरना दे रहे हैं लेकिन निगम नहीं सुन रहा है। यदि निगम के अधिकारी इसका समाधान नहीं कर पा रहे हैं तो वह चूड़ियां पहन लें हो जाएं हमारी टोली में शामिल। काजल के अलावा अंजू शर्मा, कोमल, बबिता और अंजली किन्नर भी मौजूद रहे। यह अनोखा प्रदर्शन लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा।
व्यापारियों के सब्र का इंतिहान न ले
संजय प्लेस वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष के एन अग्निहोत्री ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के सब्र का इंतिहान न ले। व्यापारियों का शक्ति परीक्षण न करें। अवैध पार्किंग खत्म नहीं की तो व्यापारी ईंट से ईंट बजा देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ नहीं रखा बातों में, जूता ले लो हाथों में।
मामला न्यायालय में विचाराधीन
एसोसिएशन के सचिव हीरेन अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम की हठधर्मिता से व्यापारी परेशान हैं। पार्किंग का वाद न्यायालय में विचाराधीन है तो नगर निगम ने पार्किंग का ठेका कैसे उठा दिया। नगर निगम व्यापारियों की कोई बात सुनने को तैयार नहीं है।
Published on:
03 Feb 2020 09:28 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
