3 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पं. दीनदयाल उपाध्याय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी 10 सितम्बर से

डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में एक राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन 10-11 सितम्बर, 2017 को किया जा रहा है।

2 min read
Google source verification

आगरा

image

Amit Sharma

Sep 09, 2017

आगरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सक्रिय राजनीतिक जीवन से तो अधिसंख्य लोग परिचित हैं, किंतु यह सम्भवतः कम ही लोगों के संज्ञान में होगा कि वे एक महान विचारक, गहन दार्शनिक और उच्चकोटि के विद्वान भी थे। उन्होंने अपने व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद कई पुस्तकों की रचना की तथा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में अनेक लेख और निबंध लिखे, जिनसे उनके अनेक मौलिक विचारों की झलक मिलती है। वे एकात्म मानववाद नामक मौलिक दर्शन के प्रणेता थे और अन्त्योदय के विचार की धारणा भी उन्हीं के द्वारा प्रतिपादित की गयी थी। यह चालू वर्ष उनकी जन्म शताब्दी का वर्ष है। अतः देशभर में विभिन्न स्थानों पर उनके विचारों पर शोध संगोष्ठी और चर्चाओं का दौर चल रहा है।

10-11 सितम्बर को कार्यक्रम
इस कड़ी में ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मभूमि स्मारक समिति, दीनदयाल धाम, फरह, मथुरा द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में एक राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन 10-11 सितम्बर, 2017 को किया जा रहा है। इस संगोष्ठी की मेजबानी डॉ भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के इतिहास तथा संस्कृति विभाग द्वारा की जा रही है। संगोष्ठी का सौजन्य भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। शोध संगोष्ठी में देशभर से प्रमुख विद्वान और विशेषज्ञ आ रहे हैं, जो पंडित दीनदयाल के व्यक्तित्व, कृतित्व तथा उनके योगदान पर गहन चर्चा और मंथन करेंगे।

श्रीकांत शर्मा करेंगे उद्घाटन
स्मारक समिति के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल, संगोष्ठी के संयोजक प्रो. वेद त्रिपाठी ने बताया कि संगोष्ठी का उद्घाटन 10 सितम्बर को प्रातः 10 बजे अम्बेडकर विश्वविद्यालय के जय प्रकाश सभागार में किया जायेगा। संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. गिरीश चन्द्र सक्सैना करेंगे। संगोष्ठी में दो व्याख्यान सत्र तथा 9 तकनीकी सत्र भी होंगे। व्याख्यान सत्रों में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों व महाविद्यालय के विद्वान पंडित दीनदयाल के विचारों के महत्व तथा वर्तमान में उसकी प्रासंगिकता पर विशेष रूप से चर्चा करेंगे। तकनीकी सत्रों में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए हुए अतिथि वक्ता अपने तकनीकी प्रपत्रों का वाचन करेंगे।

समापन सत्र में आएंगे शिव प्रताप शुक्ल
11 सितम्बर, 2017 को अपरान्ह् 3.30 बजे संगोष्ठी का समापन सत्र होगा। समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल भाग लेंगे। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित करेंगे। जी.एल.ए. विश्वविद्यालय, मथुरा के कुलपति प्रो0 दुर्ग सिंह चौहान इस सत्र में मुख्य वक्ता होंगे।

ये रहे प्रेसवार्ता में
प्रेस वार्ता के दौरान स्मारक समिति के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल, संगोष्ठी के संयोजक प्रो. वेद त्रिपाठी, डॉ. एस.के. खण्डेलवाल, समन्वयक, डॉ. मनोज कुमार रावत, सहसंयोजक, डॉ. बी.के. सारस्वत, डॉ. बी.डी. शुक्ला, डॉ. ब्रजेश रावत, मनीष गुप्ता एवं मीडिया समन्वयक डॉ0 अमित अग्रवाल उपस्थित रहे।