अहमदाबाद शहर के सिविल अस्पताल में गर्मी से राहत के लिए सभी नॉन एसी वार्डों में 70 एयर कूलर लगाए गए हैं। इससे मरीजों को गर्मी से राहत मिलेगी। वार्डों में कूलर इस प्रकार लगाए गए हैं कि सभी मरीजों को इसका लाभ मिल सके।अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि इस व्यवस्था से वार्ड में आरामदायक और स्वच्छ वातावरण तो रहेगा ही साथ ही गर्मी के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को भी रोका जा सकेगा। इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि इन सभी कूलरों की नियमित रूप से सफाई हो तथा समय-समय पर इनमें पानी भरा जाए और गंदे पानी को निकाला जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में मरीजों को लाभ हो ऐसे अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। जिन वार्डों में एसी नहीं है उनमें इससे एसी जैसा वातावरण करने का प्रयास किया गया है।
सिविल अस्पताल में अन्य राज्यों से भी आते हैं मरीज
एशिया के सबसे बड़े अहमदाबाद सिविल अस्पताल में न सिर्फ अहमदाबाद से बल्कि पूरे राज्य और अन्य राज्यों से भी मरीज गंभीर रोगों का उपचार कराने के लिए आते हैं। ऐसे में मरीजों के हित में सोमवार को बिना एसी वाले वार्डों में ये कूलर लगाए गए हैं।