9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad Metro: अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार को PIB की मंजूरी, बद्राबाद तक पहुंचेगी, 41 नए स्टेशन बनेंगे

Gujarat Metro Project: अहमदाबाद में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। थलतेज गांव से बद्राबाद तक प्रस्तावित विस्तार को सार्वजनिक निवेश बोर्ड की मंजूरी मिल गई है।
3 min read
Google source verification
Gujarat Metro Project

मेट्रो प्रोजेक्ट। फाइल फोटो- पत्रिका

गांधीनगर। अहमदाबाद के थलतेज गांव से सनाथल कॉरिडोर के बद्राबाद तक मेट्रो विस्तार को सार्वजनिक निवेश बोर्ड (पीआइबी) ने मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद सरदार पटेल रिंग रोड के आसपास मेट्रो निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। यह विस्तार अहमदाबाद के पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह रूट शीलज केनाल रोड से शुरू होकर सरदार पटेल रिंग रोड के समानांतर आगे बढ़ेगा। इसके बाद बोपल क्रॉस रोड, शांतीपुरा क्रॉस रोड होते हुए बद्राबाद तक पहुंचेगा। इस विस्तार से शहर के तेजी से विकसित हो रहे बाहरी इलाकों को भी मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही रिंग रोड और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन का नेटवर्क मजबूत होगा।

प्रमुख स्टेशनों का विस्तार

मेट्रो नेटवर्क के इस विस्तार में गुजरात यूनिवर्सिटी, आइआइएम-ए, ओल्ड हाईकोर्ट, पालडी, कालूपुर रेलवे स्टेशन, अपेरल पार्क, वस्त्राल और ग्यासपुर डिपो सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। थलतेज गांव को गोधावी स्थित साउथ वेस्ट अहमदाबाद स्पोर्ट्स एरेना से भी जोड़ा जाएगा। इससे पश्चिमी अहमदाबाद के प्रमुख शैक्षणिक, व्यावसायिक, आवासीय और परिवहन केंद्रों के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित होगी।

शीलज क्रॉस रोड के पास यह रूट केनाल रोड बेल्ट को पार करते हुए आगे बढ़ेगा। इसके बाद मेट्रो लाइन रेलवे लाइन के समानांतर चलेगी। इस हिस्से में रूट का निर्माण इस तरह किया जाएगा कि मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर कम से कम असर पड़े और भविष्य में यात्री यातायात को देखते हुए नेटवर्क का विस्तार भी किया जा सके।

डिजाइन और तकनीकी कार्य जारी

मेट्रो विस्तार की अंतिम डिजाइन तैयार करने के लिए सलाहकारों की नियुक्ति की जा चुकी है। परियोजना से जुड़ी भू-तकनीकी जांच भी जारी है। इसके अलावा मौजूदा यूटिलिटी नेटवर्क की स्थिति का पता लगाने के लिए यूटिलिटी मैपिंग का काम किया जा रहा है। यूटिलिटी डायवर्जन के लिए टेंडर भी जारी किए गए हैं। इस विस्तार के तहत 41 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने की योजना है। निर्माण पूर्व की गतिविधियों में विस्तृत डिजाइन तैयार करना, भू-तकनीकी परीक्षण, यूटिलिटी मैपिंग और यूटिलिटी डायवर्जन जैसे काम शामिल हैं। इन गतिविधियों के पूरा होने के बाद निर्माण से जुड़े अगले चरण को आगे बढ़ाया जाएगा।

धोलेरा तक होगा विस्तार

भविष्य की योजनाओं के तहत मेट्रो नेटवर्क को धोलेरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक भी विस्तारित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए करीब 60 किलोमीटर के विस्तार की योजना बनाई गई है। यह प्रस्ताव अब अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इस हिस्से में भी निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।

धोलेरा तक विस्तार होने से अहमदाबाद और प्रस्तावित एयरपोर्ट के बीच सार्वजनिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण विकल्प तैयार होगा। मौजूदा योजना के अनुसार भविष्य में बद्राबाद से धोलेरा एयरपोर्ट तक मेट्रो नेटवर्क को आगे बढ़ाने की संभावना है। इससे अहमदाबाद के पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के साथ धोलेरा क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

शहर में पहला लूप मेट्रो रूट बनेगा

अहमदाबाद में वाडज से जुड़े सर्कुलर कॉरिडोर को भी मंजूरी मिल गई है। इसके विकसित होने के बाद शहर में पहला लूप मेट्रो रूट तैयार होगा। इस कॉरिडोर के माध्यम से एसपी रिंग रोड, एसजी हाईवे और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। मेट्रो के तीसरे चरण में पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, उत्तर और पूर्वी अहमदाबाद के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है। नए विस्तार और लूप रूट के विकसित होने से शहर के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवागमन के विकल्प बढ़ेंगे। इससे प्रमुख सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। अहमदाबाद के लगातार बढ़ते शहरी क्षेत्र को देखते हुए यह विस्तार भविष्य के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बड़ी खबरें

View All

अहमदाबाद

गुजरात

ट्रेंडिंग