16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ahmedabad News: रंजिश में युवक पर तलवार, धारिया से वार कर की हत्या

सुभाषब्रिज सर्कल के पास मध्यरात्रि बाद हुई वारदात, 10-12 दिन पहले हुई कहासुनी, हाथापाई के चलते चल रहा था विवाद, फोन पर दी जा रही थी धमकी , राणीप पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
2 min read
Google source verification
ranip police station

राणीप पुलिस स्टेशन।

Ahmedabad. शहर के सुभाषब्रिज सर्कल के पास शनिवार मध्यरात्रि बाद करीब दो से ढाई बजे के दौरान रंजिश में 37 वर्षीय अजय सालवी की तलवार, धारिया, चाकू जैसे तीक्ष्ण हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 10 से 12 दिन पहले हुई मारपीट की रंजिश को लेकर करीब सात से आठ लोगों ने हथियारों से लैस होकर अजय पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद राणीप पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

10-12 दिन पहले अपशब्द कहने पर हुआ था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार करीब 10 से 12 दिन पहले मद्रासी की चाली में भद्रेश शर्मा के बच्चों को अपशब्द कहने पर अजय सालवी के साथ उसका विवाद हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।

हथियारों से लैस होकर पहुंचे लोग

इसी रंजिश के चलते भद्रेश के जीजा सागर उर्फ माफिया परमार ने अजय को फोन करके जान से मारने की धमकी देनी शुरू की थीं। शनिवार रात को गोटली नाम के व्यक्ति ने अजय को फोन करके जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार मध्यरात्रि बाद दो से ढाई बजे को दौरान अजय और उसका बुआ का लड़का भारत सालवी सुभाषब्रिज सर्कल पर बैठे थे। इसी दौरान राजस्थान पासिंग के पिकअप डाला में सवार होकर सात से आठ लोग हाथों में तलवार, धारिया, चाकू लेकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। उसमें विशाल चौहान और उसके साथी थे। इन लोगों को देख अजय और भारत ने भागना शुरू किया, लेकिन आरोपियों ने अजय को घेर लिया और उस पर एक के बाद एक कई वार किए और भाग गए। जख्मी अजय को पहले पुखराज और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज

राणीप पुलिस थाने में विशाल चौहान, सागर उर्फ माफिया परमार, अंकित परमार के विरुद्ध नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारत सालवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि घटना के मामले में घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ वांछित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकित परमार के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ दो बार पासा के तहत कार्रवाई हो चुकी है। आरोपी सागर उर्फ माफिया के खिलाफ सात तथा विशाल चौहान के खिलाफ तीन मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है। विशाल वर्ष 2025 में ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उधर मृतक अजय साल्वी के खिलाफ भी विभिन्न मामले दर्ज थे।