16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आणंद में उमेटा के पास रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से जुड़वां भाइयों की मौत

आणंद. वडोदरा. जिले की आंकलाव तहसील के उमेटा के पास स्थित कामधेनु रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने आए एक परिवार के दो जुड़वां बच्चों की रविवार सुबह स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, वडोदरा के तांदलजा क्षेत्र निवासी महफूज सिद्दीकी अपने परिवार के साथ शनिवार को छुट्टियां बिताने के लिए उमेटा के समीप स्थित कामधेनु रिसॉर्ट पहुंचे।
2 min read
Google source verification
Twin brothers drown in resort swimming pool near Umeta, Anand

मृतक जुड़वां भाई (फाइल फोटो)

वडोदरा के तांदलजा क्षेत्र निवासी परिजनों ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर संचालकों पर उठाए सवाल

आणंद. वडोदरा. जिले की आंकलाव तहसील के उमेटा के पास स्थित कामधेनु रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने आए एक परिवार के दो जुड़वां बच्चों की रविवार सुबह स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, वडोदरा के तांदलजा क्षेत्र निवासी महफूज सिद्दीकी अपने परिवार के साथ शनिवार को छुट्टियां बिताने के लिए उमेटा के समीप स्थित कामधेनु रिसॉर्ट पहुंचे। 15 अगस्त के बाद रविवार की छुट्टी होने के कारण परिवार ने रिसॉर्ट के कमरे में रुककर समय बिताने का निर्णय लिया।
रविवार सुबह महफूज सिद्दीकी, पत्नी, पुत्र मोईज सिद्दीकी, पुत्री आयत सिद्दीकी तथा 8 साल के जुड़वां बेटों मोहम्मद हमजा और मोहम्मद नोमान के साथ रिसॉर्ट की कैंटीन में चाय-नाश्ता करने गए। दोनों जुड़वां बच्चे नाश्ता खत्म करके खेलने के लिए बाहर चले गए।
करीब दस मिनट बाद परिवार के अन्य सदस्य कैंटीन से बाहर निकले तो दोनों बच्चे कहीं दिखाई नहीं दिए। इसी दौरान बेटी आयत सिद्दीकी की नजर स्विमिंग पूल में बच्चों के कपड़ों पर पड़ी। वह तुरंत स्विमिंग पूल की ओर दौड़ी। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि दोनों बच्चे स्विमिंग पूल में डूब रहे थे। पिता महफूज और पुत्र मोईज ने तत्काल स्विमिंग पूल में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उस समय दोनों बच्चे बेहोशी की हालत में थे।
मोईज ने बताया कि उन्होंने रिसॉर्ट के कर्मचारियों से बच्चों को अस्पताल ले जाने के लिए रिसॉर्ट की गाड़ी निकालने को कहा, लेकिन परिवार के आरोप के अनुसार रिसॉर्ट के कर्मचारियों ने गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई और न ही समय पर कोई सहायता की। मजबूर होकर परिवार अपने निजी वाहन से दोनों बच्चों को अस्पताल ले गया।
परिवार पहले एक अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उपचार संभव नहीं होने की बात कहते हुए बच्चों को अन्य अस्पताल ले जाने के लिए कहा। इसके बाद परिवार सामने स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस कारण परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार ने इस कथित गंभीर लापरवाही के लिए रिसॉर्ट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद करने की मांग की। फिलहाल आंकलाव पुलिस द्वारा घटना के तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।