
अहमदाबाद में थर्टी फर्स्ट की रात-नववर्ष की सुबह शराब पीकर वाहन चलाते 61 को पकड़ा
अहमदाबाद शहर में थर्टी फर्स्ट दिसंबर की रात और नववर्ष 2024 की सुबह शराब पीकर वाहन चलाते हुए 61 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। इसके अलावा शराब पीकर घूमते मिले 167 लोगों को भी पकड़ा है। नव वर्ष का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग रविवार (31 दिसंबर) की रात को शहर के सीजी रोड, सरखेज गांधीनगर हाईवे, सिंधु भवन रोड, साबरमती रिवरफ्रंट पर उमड़़े थे। भारी भीड़ को देखते हुए इन जगहों पर पुलिस की भी तैनाती की गई थी।
शहर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस ने 22 दिसंबर से विशेष अभियान छेड़ा है। 31 दिसंबर की रात और नववर्ष को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई थी। ब्रेथ एनालाइजर के साथ टीमें इन स्थलों पर तो तैनात थी हीं, शहर में जगह-जगह चौराहों पर भी यातायात पुलिस और इलाके के थाने की पुलिस टीमें भी वाहन चालकों की जांच कर रही थीं।
इसके चलते 31 दिसंबर की रात को शराब पीकर वाहन चलाते हुए 37 लोगों को और नववर्ष की सुबह 24 लोगों को पुलिस ने पकड़ा। इनके विरुद्ध केस दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों के विरुद्ध केस करने वाले पुलिसकर्मी को दो सौ रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा 31 दिसंबर को 105 और नववर्ष की सुबह 62 लोग नशे की हालत में घूमते हुए मिले। इन्हें भी पुलिस ने पकड़ा है।
अब हर दिन औसतन 30-35 ड्रिंक एंड ड्राइव के केस, इनाम का निर्देश स्थाई
शहर पुलिस आयुक्त जी एस मलिक ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो और जनता में कड़क संदेश जाए इसके लिए ऐसे वाहन चालकों को पकड़कर केस करने वाले पुलिसकर्मी को प्रति केस दो सौ रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। इस घोषणा का असर भी हो रहा है। पहले ड्रिंक एंड ड्राइव के औसतन चार से पांच केस शहर में हो रहे थे। अब यह संख्या बढ़कर औसतन दैनिक 30-35 केस पर पहुंच गई है। 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक 10 दिनों में 276 ड्रिंक एंड ड्राइव के केस दर्ज किए गए हैं। मलिक ने बताया कि ऐसे केस करने को लेकर जो इनाम का निर्देश दिया है, वह स्थाई निर्देश है। हर समय लागू रहेगा। हर महीने इलाके के उपायुक्त केस करने वाले कर्मचारियों को अवार्ड देंगे।
10 दिनों में 99 लाख की देसी-विदेशी शराब की जब्त
डीजीपी और सीपी के निर्देश पर शराब विक्रेताओं के विरुद्ध भी 22 दिसंबर से 31 दिसंबर तक अभियान छेड़ा गया, जिसके तहत 99 लाख की देसी-विदेशी शराब जप्त की। 61 लाख की विदेशी शराब जप्त करते हुए 110 लिस्टेड और नॉन लिस्टेड बुटलेगर पकड़े। इसके 89 केस दर्ज किए। इसके अलावा 38 लाख की 4347 लीटर देसी शराब जप्त की। 344 बुटलेगर पकड़े गए।
Published on:
01 Jan 2024 11:24 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
‘गोलियां चलीं, सिर फोड़े गए, AAP के 250 नेताओं पर FIR’: गुजरात चुनाव पर गोपाल राय ने लगाए गंभीर आरोप

