8 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: महंगाई की एक और मार, बच्चों को स्कूल भेजना हुआ और महंगा

-स्कूल वर्धी एसोसिएशन ने बढ़ाया किराया, ऑटो किराए में 100, वैन में 200 की वृद्धि की, सीएनजी, पेट्रोल, डीजल, दूध के दाम में वृद्धि का दिया हवाला

2 min read
Google source verification
Ahmedabad School Vardhi Association

अहमदाबाद स्कूल वर्धी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने की बैठक।

Ahmedabad. पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और दूध की कीमतों में वृद्धि की मार झेल रहे लोगों पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि जून 2026 से ऑटो रिक्शा या वैन के जरिए बच्चों को स्कूल भेजना और महंगा हो गया है। अहमदाबाद स्कूल वर्धी एसोसिएशन ने स्कूल ऑटो के किराए में 100 रुपए और स्कूल वैन के किराए में 200 रुपए की वृद्धि की घोषणा की है। इससे पहले जून 2024 में स्कूल ऑटो और वैन के किराए में वृद्धि की गई थी। एक साल बीतने के बाद जून 2026 से एक बार फिर से किराया बढ़ा दिया है।

सीएनजी गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि और कीमत के 88 रुपए से पार पहुंच जाने के चलते स्कूल वर्धी एसोसिएशन के पदाधिकारियों की शहर के पोपट दाणी गार्डन में कार्यकारी समिति की बैठक हुई। बैठक में सीएनजी, पेट्रोल, डीजल व अन्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ने के चलते किराया बढ़ाने का निर्णय किया गया। एसोसिएशन का कहना है कि आरटीओ का खर्च, वाहन के बीमा का खर्च, कल-पुर्जों का खर्च, सीएनजी किट की टेस्टिंग काखर्च, सुरक्षा उपकरण को देखते हुए किराए में वृद्धि की गई है।

अब ऑटो का न्यूनतम किराया 850, वैन का 1400 रुपए

अहमदाबाद स्कूल वर्धी एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेन्द्र ब्रह्मभट्ट ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि ईरान, इजराइल और अमरीका के बीच जारी युद्ध के चलते आए दिन पेट्रोलियम पदार्थों, सीएनजी गैस में वृद्धि हो रही है। जून 2024 में प्रति किलो सीएनजी की कीमत 76.09 रुपए थी, जो अब जून 2026 में बढ़कर 88.02 रुपए हो गई है। इसे देखते हुए स्कूल ऑटो का न्यूनतम व एक किलोमीटर तक का किराया 850 रुपए निर्धारित किया है। इसी प्रकार से स्कूल वैन का न्यूनतम एवं एक किलोमीटर तक का किराया 1400 रुपए निर्धारित किया है। स्कूल ऑटो के किराए में 100 रुपए और स्कूल वैन के किराए में 200 रुपए की वृद्धि की गई है। पहले एक किलोमीटर का ऑटो का किराया 750 रुपए और स्कूल वैन का एक किलोमीटर का किराया 1200 रुपए था।

स्कूल फीस से ज्यादा स्कूल वैन का किराया

चांदखेड़ा में रहने वाली अभिभावक पिंकी राजपूत ने कहा कि स्कूल वैन और स्कूल ऑटो के किराए में भी वृद्धि कर दी गई है। स्थिति ऐसी है कि अब तो स्कूल की फीस से ज्यादा प्रति महीने स्कूल वैन की फीस हो गई है। बच्चे को स्कूल में पढ़ाने से ज्यादा स्कूल भेजना महंगा हो गया है। एक साल बाद फिर से किराया बढ़ाना उचित नहीं है।

ऑटो का पुराना और नया किराया

किलोमीटर-पुराना किराया-नया किराया

1-750 रुपए-850 रुपए

2-850-950 रुपए

3-950-1050 रुपए

4-1050-1150 रुपए

5-1150-1250 रुपए

स्कूल वैन का पुराना और नया किराया

किलोमीटर-पुराना किराया-नया किराया

1-1200 रुपए-1400 रुपए

2-1400- 1600 रुपए

3-1600-1800 रुपए

4-1800-2000 रुपए

5-2000 -2200 रुपए

(स्त्रोत-अहमदाबाद स्कूल वर्धी एसोसिएशन)