
मरीज का आधार कार्ड बनाने पहुंची मनपा की टीम।
Ahmedabad news: सरकारी योजनाओं का लाभ कई बार केवल एक दस्तावेज की त्रुटि के कारण जरूरतमंद तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे में अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने मानवीय पहल करते हुए अस्पताल में भर्ती मरीज तक आधार सेवा पहुंचाई। इस पहल से न केवल एक परिवार की परेशानी कम हुई, बल्कि मरीज के लिए प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाइ) के तहत उपचार का रास्ता भी आसान हो गया। आधारकार्ड अपडेट होने के बाद मरीज को पीएमजेएवाई के तहत निशुल्क उपचार का लाभ मिलने लग गया।
अहमदाबाद शहर के सिविल मेडिसिटी कैंपस में असारवा स्थित यू.एन. मेहता अस्पताल में भर्ती 36 वर्षीय एक मरीज की शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह आधार केंद्र तक जाकर जरूरी संशोधन करवा सकें। दूसरी ओर, पीएमजेएवाइ योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड में सुधार कराना जरूरी था। ऐसे में परिजनों ने अस्पताल से ही आधार कार्ड के अपडेट की मांग की थी।गुजरात आधार ऑफिस से आवेदन प्राप्त होने के बाद मनपा के आधार विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों और प्रमाणों की जांच भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआइडीएआइ) की गाइडलाइन के अनुसार की। इससे काफी राहत हुई है।
क्रिया पूरी होने पर संबंधित विभाग की टीम आधार नामांकन किट के साथ सीधे यू.एन. मेहता अस्पताल पहुंची और भर्ती मरीज का आधार कार्ड अपडेट कर दिया।
मनपा के अनुसार शहर में 47 आधार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा दिव्यांग, अशक्त और वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर और अस्पताल तक आधार सेवाएं उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद नागरिक केवल तकनीकी कारणों से किसी कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। अस्पताल पहुंचकर आधार सेवा देने की यह पहल प्रशासन की संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति एक सराहनीय पहल बन गई।
अहमदाबाद महानगरपालिका ने ऐसे नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की है जो बीमारी, दिव्यांगता या वृद्धावस्था के कारण आधार केंद्र तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे पात्र लोगों को घर अथवा अस्पताल में ही आधार नामांकन और संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। इससे उन मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिल रही है।
Published on:
08 Jun 2026 10:26 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
