
गुजरात (Gujarat) में कड़ी और विसावदर सीटों पर आगामी 19 जून को होने वाले विधानसभा उपचुनाव (Assembly bypolls) को लेकर भाजपा व कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने सोमवार को नामांकन दाखिल किए। नामांकन पत्र भरने के अंतिम दिन सोमवार को भाजपा की ओर से कडी सीट से राजेंद्र चावड़ा और वहीं विसावदर सीट से किरीट पटेल ने नामांकन दाखिल किया। विसावदर प्रांत कार्यालय में पटेल के नामांकन पत्र भरने के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, पूर्व मंत्री व विधायक जयेश रादडि़या मौजूद थे।उधर कांग्रेस की ओर से कड़ी सीट से पूर्व विधायक रमेश चावड़ा ने अपना पर्चा भरा। इस अवसर पर गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उपनेता शैलेष परमार, पाटण विधायक किरीट पटेल, पूर्व विधायक बलदेवजी ठाकोर उपस्थित थे।वहीं विसावदर सीट से नितिन राणपरिया ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष परेश धानाणी व पूर्व विधायक इंद्रनील राज्यगुरु मौजूद थे। उधर आम आदमी पार्टी के कडी से उम्मीदवार जगदीश चावड़ा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। विसावदर से पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने शनिवार को ही अपना पर्चा भरा था।इससे पहले भाजपा ने जहां रविवार देर रात दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी वहीं कांग्रेस ने भी पहले कडी सीट और फिर सोमवार सुबह विसावदर सीट पर अपने प्रत्याशी का ऐलान किया।
विसावदर के भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल ने मार्केटिंग यार्ड में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत केशू भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की। इसके बाद मध्यस्थ कार्यालय परिसर में विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा में राज्य के कैबिनेट मंत्री राघवजी पटेल, कुंवरजी बावलिया, कच्छ के सांसद विनोद चावड़ा, जूनागढ़ सांसद राजेश चूडासमा, विधायक संजय कोरडिया, पूर्व विधायक कनू भालाला, हर्षद रिबडिया व भूपत भायानी,उपस्थित रहे। इसके बाद शहर में एक रैली निकाली गई।
मेहसाणा जिले की कड़ी सुरक्षित सीट और जूनागढ़ जिले की विसावदर सीटों पर 19 जून को मतदान होंगे। 23 जून को परिणाम घोषित किया जाएगा। दोनों ही सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार दिख रहे हैं। विसावदर सीट पर तीनों पार्टी ने लेउवा पाटीदार वर्ग से उम्मीदवार बनाया है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के भूपत भायानी को जीत मिली थी। लेकिन दिसंबर 2023 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इसलिए यहां पर उपचुनाव होना है। उधर मेहसाणा जिले की कडी सीट के भाजपा विधायक करशन सोलंकी के निधन के कारण यह सीट खाली हुई है।
Updated on:
2 Jun 2025, 11:03 PM IST
Published on:
2 Jun 2025, 11:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.