
पुलिस की गिरफ्त में ट्रक चालक।
राजकोट. शहर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने लोहे के पाइप की आड़ में गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया। टीम ने शहर की सीमा पर राजकोट-अहमदाबाद हाईवे पर बामणबोर के पास एक संदिग्ध ट्रक से 1.02 करोड़ रुपए का 204.900 किलो गांजा बरामद किया। मौके से दो ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया गया।
एसओजी के पीआइ एन.बी. चौधरी के मार्गदर्शन में पीएसआइ बी.वी. चुडासमा और टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि राजकोट-अहमदाबाद हाईवे से गुजरने वाले एक ट्रक में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बामणबोर के पास निगरानी रखी गई।
इसी दौरान एक ट्रक वहां से गुजरते देख टीम ने ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में स्टील के पाइप दिखाई दिए। पुख्ता सूचना होने के कारण पुलिस ने गहन तलाशी ली। इस दौरान ट्रक से 204.900 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने उपलेटा निवासी मोहम्मद उर्फ कालो सर्वदी (26) और राजकोट निवासी अरबाज संधी (27) को गिरफ्तार किया। दोनों ही ट्रक चालक हैं।
टीम ने 1.02 करोड़ रुपए का गांजा, मोबाइल, ट्रक और स्टील पाइप समेत कुल 1.55 करोड़ रुपए से अधिक का मुद्दामाल जब्त किया। पूछताछ में पता चला कि यह गांजा जंगलेश्वर निवासी रमीज उर्फ मायो ने मंगवाया था और हडाला गांव निवासी अमित उर्फ गुरखा ने ओडिशा से गांजा भेजा था।
इसके बाद चारों आरोपियों के खिलाफ एयरपोर्ट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस रमीज उर्फ मायो और अमित उर्फ गुरखा की तलाश में जुटी है। जांच में यह भी सामने आया है कि गांजे की तस्करी में शामिल अमित उर्फ गुरखा और रमीज उर्फ मायो पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पुलिस रिकॉर्ड में आ चुके हैं।
ट्रक चालक मोहम्मद उर्फ कालो और अरबाज संधी से पूछताछ में पता चला कि दोनों को ओडिशा से राजकोट तक ट्रक में गांजा लाने के लिए एक ट्रिप के 20 हजार रुपए देना तय किया था। दोनों इससे पहले भी दो बार गांजा ला चुके थे और तीसरी बार इतनी बड़ी मात्रा में गांजा लेकर आते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पूछताछ में पता चला कि गांजा मंगवाने वाला जंगलेश्वर निवासी रमीज उर्फ मायो खुद भी ओडिशा से ट्रक में उनके साथ आया था, लेकिन बगोदरा के पास ट्रक से उतर गया था।
Updated on:
18 Aug 2026 10:22 pm
Published on:
18 Aug 2026 10:21 pm
