
Buyers in the market
अहमदाबाद. अहमदाबाद सहित प्रदेशभर में दीपावली का उत्साह अब चरम पर पहुंच गया है। घरों से लेकर दुकान आदि की सफाई के बाद अब लोगों ने खरीदारी शुरू की है। दीपावली से पूर्व अंतिम रविवार होने से लोगों ने कपड़ों से लेकर घरों की सजावट के सामान आदि की जमकर खरीदारी की, जिसके चलते बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिली। विशेषकर अहमदाबाद तीन दरवाजा और भद्र क्षेत्र में, जहां एक ही स्थल पर लोगों को करीब सभी वस्तुएं मिल जाती है।
दीपावली को अब तीन दिन ही रह गए हैं। इसके साथ ही दीपावली की तैयारियों को लोगों ने अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बाजारों में रविवार को उमड़ी भीड़ को देखते हुए नहीं लग रहा कि कहीं महंगाई का असर दिखाई दे रहा हो।
कहने को तो दीपावली की तैयारियां नवरात्रि के बाद से ही शुरू हो जाती है, लेकिन अब ट्रेंड धीरे-धीरे बदलता जा रहा है। बदले हुए ट्रेंड के मुताबिक अब अंतिम समय में दीपावली की तैयारियों को जोरशोर से अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसके चलते पिछले दो-तीन दिनों से बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। जैसे-जैसे दीपावली का त्योहार नजदीक आ रहा है, बाजारों पर ग्राहकों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। भले ही चौतरफा मंदी की चर्चा है, लेकिन शहर में भद्र-तीन दरवाजा सहित प्रमुख बाजार में उमड़ रहे खरीदारों को देखकर लगता है कि यहां मंदी का शायद ही कोई असर दिखाई दे रहा है। भीड़ का यह नजारा केवल भद्र-तीन दरवाजा ही नहीं, अपितु बड़े बाजारों, शो रूमों, शोपिंग मॉल्स में भी अंतिम क्षणों की खरीदारी के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
धन तेरस आज
अहमदाबाद. वाघ बारस के साथ ही रविवार को दीपावली पर दीपों की जगमगाहट भी शुरू हो गई। वाघ बारस के मौके पर जहां लोगों ने सरस्वती पूजन किया, वहीं ग्रामीण इलाकों में गाय-बछड़ों की पूजा की गई। सोमवार को धन तेरस मनाई जाएगी।
खरीदी व पूजा का मुहूर्त :
शास्त्री बालकृष्ण दवे के अनुसार सोमवार को धन तेरस पर खरीदी व पूजा का मुहूर्त सुबह ६.४८ बजे से ८.११ बजे तक अमृत चौघडिय़ा एवं चंद्र की होरा ८.४८ से १०.५९ तक गुरु की होरा व शुभ चौघडिय़ा, ११.५९ से दोपहर १२.४७ बजे तक अभिजीत, १.४८ से शाम को ७.३५ बजे, रात को ७.४८ से ९.४८ बजे एवं मध्यरात्रि १.५९ से लेकर ६.४८ बजे तक अमृत, शुभ, लाभ व चल के चौघडिय़ा और गुरु, चंद्र, शुक्र व बुध की होरा है। यह मुहूर्त खरीदी व पूजा के लिए श्रेष्ठ माना गया है।
Published on:
04 Nov 2018 09:28 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
