
मकान ढहने के बाद रेस्क्यू अभियान ।
Ahmedabad: शहर के दरियापुर के डबगरवाड़ स्थित मंसूरी मोहल्ले में सोमवार देर रात एक जर्जर तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
आधी रात को हुए इस हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।फायर विभाग के अनुसार, रात करीब 12 बजे घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद अल्ताफ याकूब मंसूरी और परवीनाबानू याकूब मंसूरी नामक बुजुर्ग महिला को मलबे से बाहर निकाला गया।
अल्ताफ मंसूरी घायल अवस्था में मिले, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से अहमदाबाद के सिविल अस्पताल भेजा गया। वहीं परवीनाबानू मृत अवस्था में मिली। हालांकि महिला को भी अस्पताल ले जाया गया। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। संकरी गलियों के कारण बचाव दल को राहत कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। फायर ब्रिगेड के जवानों ने मलबा हटाकर यह सुनिश्चित किया कि उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढहा मकान काफी पुराना और जर्जर था। हालांकि मकान गिरने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के भवनों की स्थिति पर भी नजर डालनी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार को भी शहर के खाड़िया स्थित ढाल नी पोल में भी मकान धराशायी हुआ था। हालांकि उस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था लेकिन कई वाहन मलबे में दब गए थे। पुराने शहर में अनेक इस तरह के मकान हैें।
Updated on:
28 Jul 2026 10:54 pm
Published on:
28 Jul 2026 10:54 pm
