
Ahmedabad. गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे हुए हैं। इस अवधि में देश में हर क्षेत्र में और हर वर्ग के लिए कई विकास कार्य हुए हैं।
पाटिल मंगलवार को गांधीनगर के कोबा में स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मोदी सरकार के 11 साल के कार्यों की जानकारी दे रहे थे। उनके साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी मोदी सरकार के 11 साल के कार्य और गुजरात में हुए कार्यों की जानकारी दी। दोनों ही ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में लगी मोदी सरकार के 11 साल के कार्यों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
पाटिल ने कहा कि मोदी सरकार की नल से जल योजना के तहत देश की 25 करोड़ से अधिक महिलाओं को राहत हुई है। डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट कहती है कि घरों में नल से जल पहुंचने के चलते हर दिन महिलाओं के 5.50 करोड़ घंटे बचे हैं। उन्हें पानी लेने जाने और बोझ उठाने से भी छुटकारा मिला है। अब इस बचे समय का उपयोग वे आर्थिक उपार्जन, बच्चों की पढ़ाई में रही हैं। योजना के तहत 15 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को जल पहुंचे ऐसी सुविधा दी है।
25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाए। शत प्रतिशत घरों में बिजली कनेक्शन पहुंचे हैं। हर दूसरा व्यक्ति डिजिटल लेनदेन कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से छलांग लगाकर चौथी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। धारा 370 और त्रिपल तलाक रद्द करने वाली यह मोदी सरकार है। किसानों को हर साल 6 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में 9 आतंकी अड्डों को ध्वस्त कर 100 आतंकी मारे। इससे स्पष्ट संदेश दिया गया कि जो भारत को छेड़ेगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 11 सालों का कार्यकाल देश के लिए विकास का दशक रहा। सर्व समावेशी, निरंतर विकास से आम व्यक्ति का विश्वास सरकार पर बढ़ा है। 2014 में देश को मोदी के रूप में ऐसे प्रधानमंत्री मिले जिनके लिए राष्ट्रहित प्रथम और अंत्योदय के उत्थान के साथ सबका साथ और सबका विकास कार्यमंत्र है। गुजरात के पुत्र मोदी के मार्गदर्शन में गुजरात विकास का रोल मॉडल बना है।
मोदी के प्रयास से देश और गुजरात को पहली बुलेट ट्रेन मिलने वाली है। कच्छ-अहमदाबाद के बीच पहली नमो भारत ट्रेन शुरू हुई। गुजरात में 100 फीसदी रेलवे लाइन का विद्युतीकरण हुआ। अहमदाबाद वर्ल्ड हेरिटेज सिटी बना। वाइब्रेंट समिट के चलते देश में सबसे ज्यादा रोजगार देने वाला राज्य गुजरात बना है। निवेश बढ़ा है। वडोदरा में टाटा एयरक्राफ्ट कॉम्पलैक्स, दाहोद में इलेक्टि्रक रेलवे इंजन, गांधीनगर में गिफ्ट सिटी, वडोदरा में देश की पहली रेलवे विवि, जामनगर में ग्लोबल सेंटर फॉर ट्रेडिशनल मेडिसिन मिला है। हर उभरती तकनीक में गुजरात आगे है। गुजरात में 10 लाख किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। 4.50 लाख लखपति दीदी बनी हैं।
Updated on:
10 Jun 2025 10:01 pm
Published on:
10 Jun 2025 10:01 pm
