31 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Gujarat: 20 तहसील में 7 इंच से ज्यादा बारिश, सूरत के अंबिका में 18 इंच गिरा पानी

-राज्य के 14 जिलों में एक अगस्त के लिए भी बारिश का रेड अलर्ट, 16263 लोगों का स्थानांतरण, 41 का रेस्क्यू
2 min read
Google source verification
Dabhoi road

अमरेश्वर से वाघोडिया जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाने के कारण डभोई-वाघोडिया सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।

Ahmedabad. गुजरात में भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच शुक्रवार को सुबह 6 से रात 8 बजे तक दक्षिण और मध्य गुजरात के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। इससे निचले इलाकों में जल भराव हो गया। कई सोसाइटियों में पानी घुस गया, जबकि सड़क और हाईवे पर भी जल भराव होने से ट्रैफिक की स्थिति देखी गई।

सूरत की अंबिका तहसील में सबसे ज्यादा 18.39 इंच बारिश हुई। 20 तहसीलों में 7 इंच से ज्यादा पानी गिरा। तापी जिले की डोलवन में 13.58 इंच, नवसारी की वांसदा में 13.23 इंच, भरूच के नेत्रंग में 12.36 इंच, वलसाड के धरमपुर में 10 इंच बरसात रिकॉर्ड की गई। सूरत के उमरपाड़ा में 10 इंच, मांगरोल में 9.96 इंच, खेड़ा की वसो तहसील में 9.65 इंच, नडियाद में 8.94 इंच, डांग के सुबीर में 8.90 इंच तथा आणंद तहसील में 8.78 इंच बारिश दर्ज की गई। डांग के वघई में 8.03 इंच और सूरत के पलसाणा में 7.91 इंच बारिश हुई।

आंकड़ों के अनुसार सूरत, तापी, नवसारी, भरूच, खेड़ा, आनंद, डांग, वलसाड और नर्मदा जिलों की अधिकांश तहसीलों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई। कई स्थानों पर दिनभर रुक-रुककर तेज बारिश का दौर चलता रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।

10 जिलों से 16 हजार लोगों का स्थानांतरण

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिए जाने के चलते प्रशासन ने एहतियात के तौर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए सुबह से रात 8 बजे तक 10 जिलों से 16263 लोगों का स्थानांतरण कराया। उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया। जबकि नर्मदा जिले से 10 और छोटाउदेपुर जिले से 31 लोगों को रेस्क्यू किया गया। सबसे अधिक 8063 लोगों को नवसारी जिले से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। तापी में 1446, सूरत में 4470, वडोदरा में 330, आणंद में 917, नर्मदा में 178, खेड़ा में 58 और वलसाड से 435, डांग से 311 और पाटण से 55 लोगों का स्थानांतरण किया गया।

इन तहसीलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश (इंच में)

1 सूरत अंबिका 18.39 इंच

2 तापी डोलवन 13.58 इंच

3 नवसारी वांसदा 13.23 इंच

4 भरूच नेत्रंग12.36 इंच

5 वलसाड धरमपुर 10.08 इंच

6 सूरत उमरपाड़ा 10.00 इंच

7 सूरत मंगरोल 9.96 इंच

8 खेड़ा वसो 9.65 इंच

9 खेड़ा नडियाद 8.94 इंच

10 डांग सुबीर 8.90 इंच

11 आणंद आणंद 8.78 इंच

इन 14 जिलों में आज भी रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार रात से एक अगस्त के लिए 14 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें सूरत, नर्मदा, अहमदाबाद, आणंद, खेड़ा, वडोदरा, छोटाउदेपुर, भरुच, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड़, भावनगर और बोटाद जिला शामिल है। जबकि छह जिलों -गांधीनगर, पंचमहाल, दाहोद, राजकोट, सुरेंद्रनगर और अमरेली में ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है।