31 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

गुजरात में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की चेतावनी, स्कूल-कॉलेज बंद

Gujarat Heavy Rain Alert: अहमदाबाद समेत मध्य और दक्षिण गुजरात के कई जिलों में शुक्रवार को अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए अहमदाबाद जिला प्रशासन ने शहर के सभी सरकारी, अनुदानित और स्ववित्तपोषित स्कूलों एवं कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है।
2 min read
Google source verification
Gujarat Heavy Rain Alert

Gujarat Heavy Rain Alert। (Photo: IANS)

Gujarat Heavy Rain Alert: अहमदाबाद। अहमदाबाद समेत मध्य और दक्षिण गुजरात के कई जिलों में शुक्रवार को अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए अहमदाबाद जिला प्रशासन ने शहर के सभी सरकारी, अनुदानित और स्ववित्तपोषित स्कूलों एवं कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक अहमदाबाद, वडोदरा, आणंद, भरूच, नर्मदा, छोटा उदेपुर, सूरत, नवसारी, वलसाड, तापी, डांग, भावनगर और बोटाद समेत 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गांधीनगर, खेड़ा, सुरेंद्रनगर, राजकोट, अमरेली, दाहोद, पंचमहाल और महिसागर के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा उत्तर गुजरात और कच्छ के शेष जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

शहर में कल भी रेड अलर्ट प्रभावी रहेगा

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 1 अगस्त को भी अहमदाबाद में रेड अलर्ट प्रभावी रहेगा। इसके अलावा राजकोट, सुरेंद्रनगर और आणंद में भी अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

अब तक 20.18 इंच बारिश

महानगरपालिका (मनपा) के मुख्य नियंत्रण कक्ष के अनुसार गुरुवार दोपहर तक शहर में इस मानसून सीजन में औसतन 512.53 मिमी (20.18 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत मौसमी वर्षा का 56.06 प्रतिशत है।

जलभराव, बाढ़ जैसे हालात की आशंका

आइएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात, ट्रैफिक जाम, पेड़ और होर्डिंग गिरने, पुराने भवनों को नुकसान तथा बिजली और जलापूर्ति जैसी सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका है। बिजली गिरने की घटनाओं का भी खतरा बना रहेगा। वहीं नदियों का जलस्तर बढ़ने, तटीय क्षेत्रों में मछली पकड़ने की गतिविधियां प्रभावित होने तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ फसलों और पशुधन को भी नुकसान पहुंच सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।

अलर्टः अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

राज्य के कई हिस्सों में 31 जुलाई से लेकर 2 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर गुजरात सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को अलर्ट मोड पर रखा है। अपर मुख्य सचिव (राजस्व) डॉ. जयंती रवि ने स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में 13 जिलों के कलक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रभावित जिलों के अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने, 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रखने तथा प्रत्येक जिले में एक क्लास-वन अधिकारी की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निचले व संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ व एसडीआरएफ टीमों की तैनाती के लिए कहा गया है।