
बनासकांठा जिले के थरा में समस्त गोपालक-भरवाड समाज की ओर से आयोजित पंचामृत महोत्सव में नवदंपती को आशीर्वाद देते मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल।
पालनपुर. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को कहा कि गुजरात को ग्रोथ इंजन बनाने तथा गुजरात की कृष्णमय-कलामय संस्कृति के जतन में भरवाड समाज का अहम योगदान है। बनासकांठा जिले के थरा में समस्त गोपालक-भरवाड समाज की ओर से आयोजित सामैया-पंचामृत महोत्सव में उन्होंने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ मंत्र को आत्मसात कर गोपालक समाज ने भी विकास किया है। सीएम ने महोत्सव में हमसफर बनने वाले 3000 से ज्यादा नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया और समस्त भरवाड समाज की गुरुगादी ग्वालीनाथ महादेव के चरणों में शीश झुकाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थरा सामैया-पंचामृत महोत्सव में धर्म, भक्ति तथा सेवा का त्रिवेणी संगम रचा है। ब्रह्मलीन महंत शिवपुरी बापू की प्रेरणा से यह कार्य संभव हुआ है। भरवाड गोपालक समाज ने कृष्णमय संस्कृति को जीवंत रखा है, इस समाज को भगवान कृष्ण के साथ होने का आत्मविश्वास आत्मनिर्भर बनाता है।
आत्मनिर्भर, विकसित गुजरात बनाने में योगदान देने की अपील
उन्होंने कहा कि भरवाड समाज या अन्य किसी भी समाज के शैक्षिक उत्थान के लिए सरकार प्रत्येक समाज के साथ है। उन्होंने भरवाड समाज के लोगों से आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर आत्मनिर्भर गुजरात तथा विकसित गुजरात बनाने में योगदान देने की अपील की।
914 वर्ष पहले थरा की धरा पर 3005 बेटियों का सामूहिक विवाह
समस्त गोपालक-भरवाड समाज की गुरुगादी ग्वालीनाथ धाम के महंत घनश्याम पुरी ने समस्त भरवाड समाज तथा गुरुगादी की ओर से समाज के परम्परागत परिधान पगड़ी तथा कोटी पहनाकर मुख्यमंत्री पटेल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 914 वर्ष पहले थरा की धरा पर 3005 बेटियों का सामूहिक विवाह हुआ था। पुन: एक बार इतिहास का पुनरावर्तन हुआ है और आज 3001 बेटियों का सामूहिक विवाह सबके साथ, सहयोग, सेवा एवं समर्पण से हुआ है।
थरा सामैया-पंचामृत महोत्सव में 3001 बेटियों के सामूहिक विवाह, महारुद्र यज्ञ, भंडारा महोत्सव, पुन: प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव तथा श्रीमद् भागवत सप्ताह का आयोजन किया गया है।
विस अध्यक्ष चौधरी भी रहे मौजूद
गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी, गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, महोत्सव के यजमान बेचर भरवाड, विधायक मावजी देसाई, लविंगजी ठाकोर, अग्रणी गुमानसिंह चौहाण, अणदा पटेल, कलक्टर आनंद पटेल, जिला विकास अधिकारी स्वप्निल खरे, पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा आदि मौजूद थे।
Published on:
31 Jan 2023 11:36 pm
