
वडोदरा. पादरा तहसील के सांगमा गांव स्थित सिरामिक कंपनी के पीछे एक वृद्ध व एक महिला का शव लहू-लुहान हालत में शनिवार को मिला।
सूचना मिलने पर जिला पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) व स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के स्टॉफकर्मी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मृतक वृद्ध की पहचान वडोदरा के वाघोडिया चार रस्ता के निकट रहने वाले व झगडिय़ा में गुजरात इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (जीईबी) से सेवानिवृत्त हुए नटु गोपाल पंचाल के तौर पर हुई।
मृतका महिला की पहचान पादरा की मूल निवासी व वर्तमान में भरुच में रहने वाली प्रवीणा पटेल के तौर पर हुई। जानकारी मिलने पर दोनों के परिवारजन भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों के गले पर तीक्ष्ण हथियार से वार किए गए। मृतक नटु जीईबी से सेवानिवृत्त होने के बाद फेब्रिकेशन का कारोबार करता था। मृतका प्रवीणा का संगमा गांव में जमीन का पारिवारिक विवाद चल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक सौरभ तोलंबिया के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
मानसिक प्रताडऩा के आरोपी सास व ससुर को गिरफ्तार किया
राजकोट. जिले की विंछिया तहसील के नाना मातर गांव में पुत्र प्राप्ति के लिए एक महिला को जलाने 11 दिन बाद होश में आने पर पीडि़ता ने पुलिस को हकीकत बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला के पति, मानसिक प्रताडऩा के आरोपी सास व ससुर को गिरफ्तार किया है।
विंछिया तहसील के नाना मातर गांव निवासी आशा मनसुख तलसाणिया (38 वर्ष) को पिछली 23 अप्रेल को गंभीर झुलसी हालत में राजकोट के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। करीब 11 दिन बाद शुक्रवार शाम को होश में आई महिला ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज करवाकर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार भावनगर जिले के दलालपर गांव में उसका पीहर है। उसका विवाह नाना मातर गांव निवासी मनसुख के साथ करीब 10 वर्ष पहले हुआ। अब तक उसने छह पुत्रियों को जन्म दिया। सास कांता, ससुर घुघा मेघजी तलसाणिया ने पुत्र जन्म की चाह में उसे बार-बार मानसिक तौर पर प्रताडि़त किया।
उसका पति पिछली 23 अप्रेल को शराब पीकर देर से घर पहुंचा तो उसने देर से आने का कारण पूछा, नाराज पति ने लकड़ी से कथित तौर पर पिटाई की और उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी, इस कारण वह गंभीर रूप से झुलस गई। यूनिवर्सिटी पुलिस थानाकर्मियों ने मामला दर्ज कर कागजात विंछिया पुलिस थाने पर भिजवाए। इस आधार पर विंछिया पुलिस थानाकर्मियों ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Published on:
05 May 2018 11:27 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
