
अरवल्ली जिले में ट्रक व बाइक की टक्कर, परिवार के 4 सदस्यों की मौत
शामलाजी. अरवल्ली जिले में बायड के समीप रविवार सुबह ट्रक व बाइक की टक्कर में दंपती व 2 पुत्रों की मौत हो गई। छोटा उदेपुर जिले का श्रमिक व परिवार के सदस्य हादसे के शिकार हुए।
अरवल्ली जिले में बायड-गाबट मार्ग पर रविवार सुबह गैस सिलेंडर भरे ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक श्रमिक, उसकी पत्नी व 2 मासूम पुत्रों की मौत हुई। मृतकों में छोटा उदेपुर जिले के मडलवा निवासी युवक जसु तेजल नायक (33), पत्नी चंपा जसु नायक (31), दो पुत्र - युवराज जसु नायक (6) व राज जसु नायक (4) शामिल हैं।
हादसे के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर बायड थाने की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के अनुसार छोटा उदेपुर जिले के मडलवा गांव निवासी युवक जसु तेजल नायक अपने परिवार के साथ साबरकांठा जिले की तलोद तहसील के ग्रामीण क्षेत्र निवासी पटेल परिवार के वहां खेत पर रहकर मजदूरी करता था। बाइक से जाते समय गैस सिलेंडर से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक अनियंत्रित होकर सडक़ पर गिरी और उस पर सवार परिवार के चारों सदस्यों के सडक़ पर गिर गए। उसके बाद उसी ट्रक के टायर से कुचलने से मौके पर परिवार के चारों सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान करवाकर शवों को समीप के अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद ट्रक छोडक़र फरार हुए चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास शुरू किया है। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों के रुदन से समग्र क्षेत्र शोकमय हो गया।
Published on:
02 Apr 2023 11:47 pm
