
पत्नी ने पति की आंख में मिर्च पाउडर डाल किया चाकू से वार
अहमदाबाद. शहर के नरोडा थाना इलाके में पत्नी ने पति की आंख में मिर्च पाउडर डालकर चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए। जख्मी पति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में रखा गया है।
नरोडा की मधुवन सोसायटी में रहने वाले एवं ट्यूशन क्लासेज चलाने वाले कनूभाई पटेल (४९) ने उनकी पत्नी ललिताबेन के विरुद्ध नरोडा थाने में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कराया है।
रविवार रात को कनूभाई के पुत्र मीत को भूख लगने पर उसने ललिताबेन से खाना मांगा। ललिताबेन ने खाना बनाने व देने से इनकार कर दिया। इस पर कनूभाई ने नाराज होते हुए खाना देने के लिए कहा, जिस पर पति पत्नी दोनों के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान आरोप है कि ललिताबेन रसोई से जाकर मिर्च पाउडर व चाकू ले आईं। कनूभाई की आंखों में मिर्च पाउडर डालते हुए चाकू से एक बाद एक वार कर दिए। जख्मी कनूभाई को नरोडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राथमिक जांच में पता चला कि कनूभाई ने ललिताबेन के साथ दूसरा विवाह किया है। उनकी पहली पत्नी का देहांत हो गया है। मैरेज ब्यूरो के जरिए दोनों संपर्क में आए। कनूभाई के एक पुत्र मीत है, जबकि ललिताबेन तलाकशुदा थीं। उनके एक पुत्री थी। दोनों के बीच मनमेल होने से दोनों ने विवाह कर लिया था।
पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट
अहमदाबाद. शहर को कागडापीठ थाना इलाके में गीता मंदिर के पास पठान की चाली में एक पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे पत्नी के चरित्र पर शंका होने की बात सामने आई है। मृतका की बुजुर्ग मां ने कागडापीठ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार दोपहर को पठान की चाली में हुई। यहां रहने वाले अशोक बोरीसा ने उनकी पत्नी पारुलबेन (३२) की गला रेतकर हत्या कर दी। पारुलबेन की मां ईश्वरलाल की चाली निवासी नंदूबेन मकवाणा (६०) ने अशोक बोरीसा के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है।
अशोक पर आरोप है कि वह पारुलबेन के चरित्र पर शंका करता था। पारुलबेन घर से बाहर काम करने जाती थीं। अशोक को शंका थी कि पारुल के बाहर के पुरुषों के साथ अवैध संबंध हैं। इस शंका के चलते पति, पत्नी के बीच आए दिन कहासुनी और झगड़े होते थे।
रविवार को भी दोनों के बीच दोपहर को घर में कहासुनी और झगड़ा हुआ। इस दौरान अशोक ने चाकू से पारुलबेन के शरीर और गले पर वार करके उसकी हत्या कर दी।
Published on:
01 Oct 2018 11:42 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
