
Ajmer Crime News- किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी को 5 साल की कठोर कारावास
अजमेर. नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में विशेष न्यायाधीश पोक्सो कोर्ट (संख्या-1) रतनलाल मूंड ने गुरुवार को आरोपी को पांच साल के कठोर कारावास की सजा व दस हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया। विशिष्ट लोक अभियोजक रूपेन्द्रकुमार परिहार ने बताया कि नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी सीताराम को 5 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। पीडि़ता ने अप्रेल 2019 में मदनगंज थाने में शिकायत दी थी। उसमें बताया कि स्कूल से घर लौटने के बाद वह कुएं पर जा रही थी तो आरोपी सीताराम ने उसका रास्ता रोक अश्लील हरकत की। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला।
बैग से सोने के कंगन चोरी
अजमेर. अलवर गेट थाना क्षेत्र में महिला के बैग से सोने के कंगन चोरी का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार इन्द्रा कॉलोनी निवासी संतोष सेन ने शिकायत दी कि उसने 24 फरवरी को अपने बैग में सोने के कंगन रखे लेकिन जब 26 फरवरी को बैग को देखा तो कंगन नदारद थे। अज्ञात व्यक्ति उसके बैग से कंगन चोरी कर ले गए।
खाते से निकाली दस हजार की रकम
अजमेर. गंज थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के खाते को हैक कर दस हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार ठगी की वारदात विनायक विहार बी.के. कौल नगर निवासी विनीत बोहरा ने शिकायत में बताया कि उसके गूगल अकाउंट हैक कर खाते से दस हजार रुपए की रकम निकाल ली गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी।
मारपीट कर छीनी चेन, मोबाइल फोन
अजमेर.
क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में युवती से मारपीट कर सोने की चेन व मोबाइल छीनने का मामला दर्ज किया गया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार गणेश गुवाड़ी पंचशील निवासी सानिया ने शिकायत दी कि बुधवार सुबह श्रवणसिंह रावत सहित अन्य ने उसका व उसके सहकर्मी का रास्ता रोककर मारपीट की। आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी छीन ली।
Published on:
06 Mar 2020 02:30 am
