
AAP spokesperson Alka Lamba in Pushkar, says Rajasthan will support us
अजमेर /पुष्कर। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली के चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने शनिवार को पुष्कर सरोवर का पूजन किया तथा जगत पिता ब्रह्मा के दर्शन किए। इस दौरान पुष्कर के गुरुद्वारे से लेकर मुख्य बाजार होते हुए ब्रह्मा घाट पर जा कर एक रैली को भी संबोधित किया।
राजस्थान सरकार की जमकर की खिंचाई
संबोधित करते हुए विधायक अलका लांबा ने राजस्थान सरकार की जमकर की खिंचाई की। उन्होंने कहा कि आज यहां का सैनिक मर रहा है, किसान दुखी है, मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा पर विरोध करने आए लोगों पर पुलिस लाठियां बरसा रही हैं। राजस्थान परिवर्तन चाहता है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करते हुए विधायक अलका लांबा ने कहा कि पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे 200 के 200 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। अब तक 37 प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। पुष्कर विधानसभा से रियाज अहमद मंसूरी को आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया है। आज अलका लांबा के समर्थन में पुष्कर में जनसंपर्क करने के मकसद से आईं।
भ्रम चौक में सभा को संबोधित करने के दौरान विधायक अलका लांबा ने कहा कि दिल्ली के रोल मॉडल को लेकर यह आम आदमी पार्टी राजस्थान में अपने प्रत्याशी उतारेगी। यहां पर भाजपा व कांग्रेस का मिथक तोड़ा जाएगा तथा देश व प्रदेश की जनता तीसरे विकल्प के रूप में आम आदमी को समर्थन देगी। आप विधायक अलका लांबा के साथ करीब 25 से 30 टोपियां लगाए पार्टी के समर्थक साथ-साथ चल रहे थे।
पुलिस ने आमसभा को लेकर मांगी परमिशन
विधायक अलका लांबा की ओर से पुष्कर के ब्रह्म चौक में आम संबोधन करने से पूर्व मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने सभा करने की अनुमति मांगी, लेकिन विधायक अलका लांबा मंच पर चढ़ गई और उन्होंने कम से कम 15 मिनट तक आम जनता को संबोधित किया। पुलिस भी इस वाकये को देखती रह गई।
Published on:
08 Sept 2018 04:15 pm
