
फोटो पत्रिका नेटवर्क
अजमेर। पंचशील नगर स्थित स्टोर के बाहर बुधवार शाम तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने शॉपिंग मॉल में खरीदारी के लिए आई युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवती को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कृष्णगंज थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डी-मार्ट के सामने इलेक्ट्रिक कार ने शॉपिंग मॉल से खरीदारी कर निकल रही डीडवाना-कुचामन के साचौर हाल शास्त्रीनगर निवासी सरिता राठौड़ (25) पुत्री शिवराज सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सरिता गंभीर घायल हो गई। लोगों न उसे लहूलुहान हाल में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सहायक उप निरीक्षक अर्जुनसिंह जाप्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने कार के चालक को डिटेन कर लिया। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने गुरूवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि सरिता अजमेर में स्टील कारोबारी के यहां पर काम करती थी। बुधवार शाम को घरेलू सामान खरीदने डी-मार्ट आई थी। खरीदारी करके वह पार्किंग में खड़े स्कूटर की तरफ जा रही थी कि तभी कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे वह कार व दीवार के बीच दब गई।
सूचना मिलने पर सरिता के रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। देर रात उसका भाई अजमेर पहुंचा। पुलिस ने दुर्घटनाकारित करने वाली कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार बहन-भाइयों में सरिता मंझली थी। सरिता का छोटा भाई महिपाल सिंह एयरफोर्स में है। वह उदयपुर से बहन सरिता के पास लौट रहा था लेकिन अजमेर पहुंचते ही उसे बहन की मृत्यु की सूचना मिली तो वह टूट गया। अस्पताल के बाहर महिपाल सिंह विलाप करता रहा। परिचित उसको ढांढस बंधाते रहे।
Updated on:
09 Apr 2026 02:02 pm
Published on:
09 Apr 2026 02:02 pm
