
अजमेर नगर निगम चुनाव : कांग्रेस से एक कदम आगे भाजपा
अजमेर. शहर में वार्डों की संख्या 60 से बढ़कर 80 हो गई। नगर निगम चुनाव में मात्र छह महीने रह गए हैं लेकिन कांग्रेस और भाजपा में कोई खास हलचल नजर नहीं आ रही। कांग्रेस ने अभी तक जहां वार्ड अध्यक्ष तय नहीं किए वहीं भाजपा में भी कार्यकर्ताओं को शक्ति प्रभारियों की नियुक्तियों का इंतजार है।
कांग्रेस : निष्क्रिय वार्ड अध्यक्ष बदलेंगे
शहर कांग्रेस का मानना है कि निगम के चुनाव अगस्त में है। इसलिए अप्रेल तक ही नए वार्ड अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस पहले वर्तमान के 60 वार्डों में कार्यरत वार्ड अध्यक्षों में से निष्क्रियों की सूची तैयार करेगी। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार 60 में से 45 वार्ड अध्यक्ष सही काम कर रहे हैं। ऐसे में ज्यादातर वार्ड अध्यक्ष वही रहेंगे। उनका क्षेत्र बदल जाएगा। ऐसे में कांग्रेस को कुछ निष्क्रिय वार्ड अध्यक्ष बदलने हैं और नए 20 वार्डों में वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति करनी है।
भाजपा : शुरू कर दी कवायद
भाजपा इस मामले में कांग्रेस से एक कदम आगे है। भाजपा ने वार्डों में शक्ति केंद्र प्रभारियों की नियुक्ति के लिए कवायद शुरू कर दी है। शहर भाजपा का दावा है कि 15 फरवरी तक यह मशक्कत पूरी कर ली जाएगी। वहीं दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यरत मंडलों में वार्डों का बंटवारा कर दिया गया है। मंडल प्रवासियों की नियुक्ति भी हो गई और 20 फरवरी तक शक्ति केंद्र प्रभारियों की सूची तैयार हो जाएगी। हालांकि मंडल की कार्यकारिणी और शक्ति केंद्र प्रभारियों की सूची पर मुहर जयपुर से ही लगनी है।
इनका कहना हैपुराने वार्ड अध्यक्षों में से ज्यादातर वही रहेंगे। कुछेक को बदलने के अलावा 20 नए वार्ड अध्यक्ष की घोषणा करनी है। यह प्रक्रिया अप्रेल तक पूरी हो जाएगी।
-विजय जैन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष
मंडल प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। अब वे शक्ति केंद्र प्रभारियों की सूची तैयार करेंगे। शीघ्र ही शक्ति केंद्र प्रभारियों की घोषणा भी हो जाएगी।
-डॉ. प्रियशील हाड़ा, शहर भाजपा अध्यक्ष
Updated on:
09 Feb 2020 02:04 pm
Published on:
09 Feb 2020 02:04 pm
