14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अजमेर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा : जीप की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत; चालक मौके से फरार

Ajmer Accident: गोविंदगढ़ के समीपवर्ती ग्राम रूपाहेली के पास गुरुवार सुबह स्टेट हाइवे-104 पर मोटरसाइकिल और जीप की आमने-सामने भिड़ंत में दंपती की मौत हो गई। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल पत्नी ने अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

3 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

May 14, 2026

ajmer Accident

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जिले के सराधना थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हदसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी की जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद जीप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। दुर्घटना का कारण सड़क पर फैले पत्थर, बजरी और निर्माण सामग्री को माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मानपुरा-बख्तापुरा निवासी पुखराज उर्फ पुखजी गुर्जर (50) पत्नी सुनीता गुर्जर (45) के साथ मोटरसाइकिल से गांव नांद स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वे रूपाहेली गांव में पीर बाबा के थान के पास पहुंचे, सड़क पर पड़े पत्थर, बजरी और ईंटों के कारण बाइक असंतुलित हो गई। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही जीप ने बाइक को टक्कर मार दी।

बाइक-जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए तथा जीप भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पुखराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल सुनीता को तत्काल पुष्कर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में हालत नाजुक होने पर उसे अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

जनसेवा का परिचय देकर पहुंचाया अस्पताल

घटना स्थल पर मौजूद जाकिर मिरासी ने दोनों घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पीसांगन थानाधिकारी सरोज चौधरी, एएसआइ कानाराम पुलिस जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को थाने पहुंचाया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीसांगन मोर्चरी में रखा गया शव

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीसांगन मोर्चरी में रखवाया गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद एएसआई सुरेंद्र कुमार पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए रवाना हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। हादसे के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक का माहौल है।

हाइवे पर अतिक्रमण बना बड़ा खतरा

ग्रामीणों ने हादसे के लिए सड़क पर फैले निर्माण सामग्री और अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि रूपाहेली गांव में कई लोगों ने हाइवे किनारे सीमेंट के रैंप बना रखे हैं तथा सड़क पर पत्थर, बजरी और अन्य सामग्री डाल रखी है। इससे आए दिन वाहन फिसलने और दुर्घटनाएं होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई हादसों के बावजूद ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग ने अब तक अतिक्रमण हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।

लेसवा-रूपाहेली-नांद मार्ग बना दुर्घटना क्षेत्र

गोविंदगढ़-पुष्कर मार्ग पर लेसवा, रूपाहेली और नांद के बीच लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पूर्व रूपाहेली में तीन बाइक सवार फिसलकर घायल हो गए थे। इसी क्षेत्र में अवैध बजरी डंपर की टक्कर से गोविंदगढ़ के दो सगे भाइयों की मौत का मामला भी चर्चित रहा था।

इसके अलावा स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में विकास छाजेड़ तथा बाइक फिसलने से लेसवा निवासी मनोज शर्मा की भी जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग और ग्राम पंचायत प्रशासन की उदासीनता पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

बड़ी खबरें

View All

अजमेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग