
ब्यावर. शहर सहित आस-पास क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व सोमवार को श्रद्धा व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। नीलकंठ महादेव तीर्थ स्थल सहित शहर के सेंदड़ा रोड स्थित काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर, अग्रसेन बाजार स्थित महादेव छत्री, डिग्गी महादेव मंदिर, नेहरू गेट स्थित मुंह बोले महादेव मंदिर, आदर्श नगर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर, पारसी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, मसूदा रोड स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, जमालपुरा में गंगा मैया मंदिर परिसर स्थित शिवालय सहित रोडवेज बस स्टैंड, स्टेशन मार्ग, पीपलिया बाजार स्थित निम्बेश्वर महादेव मंदिर आदि स्थानों पर स्थित सभी प्रमुख शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक के बीच हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने बिल्वपत्र, धतूरा, भंग, फल-फूल आदि अर्पित कर भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के जतन किए। शिवालयों मेें विशेष पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान भी सम्पन्न हुए। भोले के भक्त व्रत-उपवास रख पूजा-आराधना में शामिल हुए।