
बिजयनगर बंद के दौरान मुख्य बाजार में पसरा सन्नाटा।
अजमेर. जिले के सरकारी अस्पताल बदहाल है। किसी हॉस्पिटल में बरसों से चिकित्सक के पद रिक्त पड़े हैं तो कहीं प्रतिनियुक्तियां परेशानी का सबब बनी हुई हैं। अस्पताल में मौसमी बीमारियों के चलते रोगियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। मरीज चिकित्सक कक्ष पर जाते हैं, लेकिन वहीं सीट खाली देखकर निराश लौटने को मजबूर हैं।
अजमेर जिले के ककेड़ी विधानसभा क्षेत्र विधायक डॉ. रघु शर्मा राज्य के चिकित्सा मंत्री हैं। इसके बावजूद जिले के सरकारी अस्पताल बदहाल हैं। इसी की एक बानगी बुधवार को बिजयनगर बंद के दौरान देखने को मिली। यहां राजकीय चिकित्सालय में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग को लेकर चिकित्सालय बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर बिजयनगर बन्द सफल रहा। इस दौरान मुख्य बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। गली-मोहल्ले की दुकानों पर भी तले लटके रहे। लोग चाय-पानी को भी तरस गए। दवा की दुकानें भी बन्द रही। इससे रोगियों को काफी परेशानी हुई। यहां सुबह से ही बिजयनगर के सभी बाजार बंद रहे। लोगों ने बिना किसी दबाव के आयोजन में सहयोग किया।
जुलूस निकाला,जताया रोष
बुधवार को बिजयनगर बंद के दौरान शहर के लोगों ने एकता का प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति सदस्य पदम मुणोत, दिनेश कोगटा, दिनेश शर्मा, राजेन्द्र शर्मा,अरुण शर्मा, अमित तातेड़, विनोद नाहर, सुरेन्द्र सिंह भाटी, सतीश लुणावत, मुकन्द सिंह, शिवराज जांगिड़, अंकित लोढ़ा, रूपचन्द नाबेड़ा, मुकेश तायल, महेश टांक, आशीष गौखरू, किशन सिंह भाटी, मनोज टेलर सहित कई कार्यकर्ता चार बत्ती चौराहे से जुलूस के रूप में रवाना हुए। बंद के दौरान मुख्य महावीर बाजार, पीपली चौराहा, सब्जी मण्डी, बापू बाजार, शिव बाजार, कृषि मण्डी रोड सहित सभी गली मोहल्ले ंमें दुकानें बन्द रही। बिजयनगर बन्द के दौरान तहसीलदार स्वाति झा, थाना प्रभारी विजय सिंह रावत मय जाब्ता गश्त करते रहे।
तीसरे दिन भी बेमियादी अनशन
राजकीय चिकित्सालय में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग को लेकर भाजपा नेता कैलाश गुर्जर का आमरण अनशन तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। चिकित्सालय के बाहर टैंट लगाकर आमरण अनशन पर बैठेकैलाश गुर्जर की मांग के समर्थन में बुधवार को कई जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं मौके पर पहुंचे। बुधवार को चिकित्सक ने धरनास्थल पर गुर्जर के स्वास्थ्य की जांच की।
Published on:
26 Sept 2019 07:12 am
