
कुएं से शव निकालती पुलिस।
पुष्कर (अजमेर). निकटवर्ती किशनपुरा गांव से लापता युवक का शव गुरुवार को एक कुएं में डूबा मिला। पुलिस ने मौके पर जाकर राजू का शव कुएं से निकलवाया तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजन को सौंप दिया। घटना को लेकर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर प्रथमद़ृष्ट्या षड्यंत्रपूर्वक हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक किशनपुरा निवासी राजू रेगर (23) के भाई जीवराज ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि 16 मार्च की दोपहर गांव का ही मुकेश पुत्र नौरत उसके राजू को लेकर गया था। अगले दिन राजू के घर नही आने पर तलाश की गई लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पूछताछ करने पर मुकेश ने राजू को पहाडि़यों की तरफ ले जाने तथा उसे वापस गांव में लाकर छोडऩा बताया था। इसी दौरान पता चला कि राजू व ताराचंद के बीच पूर्व में झगड़ा हुआ था तथा राजू को जान से मारने की धमकी दी थी।
इसी रंजिश के चलते मुकेश, ताराचंद, अक्कू पुत्र नौरत रेगर, कूका उर्फ सुनील पुत्र कालू रेगर राजू को पहाडि़यों की तरफ ले गए। आरोप है कि ताराचंद ने राजू के साथ मारपीट कर नेपाली कुएं में पटक दिया था। मोती पुत्र नाथू रेगर पर भी घटना में शामिल होने का आरोप है। जीवराज ने आरोप लगाया कि इन युवकों ने साजिश रचकर उसके भाई राजू की हत्या की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाट पर डाल कर निकाला शव
कुएं में शव मिलने की सूचना मिलने के साथ ही पुलिस मित्र, रेस्क्यू टीम व पुलिस कर्मियों के साथ उपअधीक्षक ग्रामीण विनोद कुमार, थानाधिकारी राजेश मीणा मौके पर पहुंचे वहीं काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर आ गए। सभी के सहयोग से राजू का शव खाट में लेटाकर कुएं से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सुपुर्द कर दिया गया।
इनका कहना है
किशनपुरा गांव के कुए में राजू का शव मिला है। हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।
- राजेश मीणा, प्रभारी पुष्कर थाना
Published on:
19 Mar 2020 11:41 pm
