
former chairman bail
अजमेर
भूमि के बदले भूमि आवंटन में रिश्वत मांगने के आरोपित पूर्व नगर सुधार न्यास के सदर नरेन शाहनी जेल से रिहा हो गए। हाईकोर्ट न्यायाधीश पंकज भंडारी ने उनकी जमानत अर्जी मंजूर कर ली। आरोपित के वकील दीपक पाराशर ने अजमेर की भ्रष्टाचार मामलात अदालत में हाईकोर्ट के आदेशानुसार 25-25 हजार की दो जमानतें व इतनी ही राशि के मुचलके पेश किए। अदालत ने आरोपित को रिहा करने के आदेश जारी कर दिए।
हाईकोर्ट में आरोपित के वकील पाराशर का तर्क रहा कि एसीबी के पास कोई ऐसा ठोस सबूत नहीं हैं जिसमें परिवादी से राशि मांगी गई हो या ली गई हो। एसीबी के पास केवल एक ऑडियो टेप है जिसकी आवाज को आधार बनाकर आरोप लगाए जा रहे हैं। जबकि शाहनी की लोके शन उस वक्त जयपुर में थी। सात साल पुराना मामला है। इन तर्कों के आधार पर अदालत ने आरोपित को जमानत पर छोडऩे के आदेश दिए।
गौरतलब है कि आरोपित ने गत 11 जुलाई को सैशन कोर्ट में न्यायाधीश विनोद भारवानी की अदालत में समर्पण किया था। अदालत ने आरोपित के जमानत प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया था। इसके बाद आरोपित की ओर से हाईकोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की। मामले का अन्य आरोपित मनोज गिदवानी पहले ही जमानत पर है।
घर में पत्नी को ही कर रखा था कैद, हालत देखकर उड़े लोगों के होश
दहेज प्रताडऩा का मामला अदालत पहुंचने पर पति अपनी पत्नी को समझाइश के बहाने बहला-फुसलाकर अजमेर ले आया। यहां उसने उसको अन्दर कोट इलाके में बंधक बना दिया। पीडि़ता के भाई व रिश्तेदार अजमेर दरगाह क्षेत्र में पहुंचे तो मामला उजागर हुआ।
दरगाह थाना पुलिस ने आरोपित पति को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाराणसी पुलिस को सूचित किया है।पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश वाराणसी से आए कुछ युवकों ने अन्दर कोट इलाके में बहला-फुसलाकर लाई गई विवाहिता की जानकारी दी। दरगाह थाना पुलिस के साथ पहुंचे युवकों ने अन्दर कोट क्षेत्र से आरोपित युवक को दबोच विवाहिता को दस्तायाब कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित युवक विवाहिता का पति है। विवाहिता ने उसके खिलाफ पिछले दिनों दहेज प्रताडऩा का मुकदमा दर्ज करवाया था। मामले में 10 जुलाई को वाराणसी कोर्ट में वह बयान देने पहुंची तो आरोपित किसी को बिना बताए उसे बहला-फुसलाकर अजमेर लेकर आया। यहां विवाहिता को अंदर कोट इलाके में बंधक बना दिया। विवाहिता की मां ने वाराणसी के कैंट थाने में उसकी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने आरोपित पति को शांतिभंग में गिरफ्तार कर वाराणसी के कैंट थाना पुलिस को इत्तला कर दी।
राहगीर की मदद से सूचना
विवाहिता ने बताया कि उसने राहगीर की मदद से अपने पीहर से सम्पर्क साधा। उसने राहगीर के मोबाइल से भाई को कॉल कर अजमेर में होने की सूचना दी।
वाराणसी से पत्नी को बहला-फुसलाकर अजमेर लेकर आए पति को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। विवाहिता की वाराणसी के कैंट थाने में गुमशुदगी दर्ज है। यूपी पुलिस को सूचित किया है।
विजेन्द्र सिंह गिल, थानाप्रभारी दरगाह
Published on:
22 Jul 2018, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.