
दोस्त के साथ चाय पीने आए गजनी ने चलाई गोली!
अजमेर. कुख्यात बदमाश रामस्वरूप जाट उर्फ गजनी राजमार्ग से गुजरते हुए ढाबे पर ठहर गया। उसने गगवाना के अपने मित्र को ढाबे पर चाय पीने के लिए बुलाया था। मित्र के यहां पहुंचने से पहले ही ढाबे के कर्मचारियों से विवाद हो गया। इस पर फायरिंग की वारदात अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। वारदात के बाद उसके साथी ने भी मोबाइल स्विच ऑफ कर चुप्पी साध ली।
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि कुख्यात बदमाश रामस्वरूप उर्फ गजनी ने अपने साथियों के साथ श्री राजस्थानी ढाबे पर पहुंचने के बाद गगवाना निवासी मित्र शहबाज खान को कॉल किया। गजनी ने उसे ढाबे पर चाय पीने के लिए बुलाया। शहबाज गांव के जुबेर के साथ ढाबे पर पहुंचा, लेकिन इससे पहले ही गजनी का ढाबे के कर्मचारियों से विवाद हो गया। इधर ढाबा संचालक बंटी यादव अपने रिश्तेदार प्रीतम यादव के साथ घर बैठा था। उसे विवाद की सूचना मिली तो वह तुरन्त ढाबे पर पहुंचा। दोनों गाड़ी से उतर कर आगे बढ़ ही रहे थे कि गजनी ने हवाई फायर कर दिया। बंटी व प्रीतम उसे रोकने आगे बढ़े तो दूसरा फायर उनकी तरफ कर दिया। गोली प्रीतम के हाथ की अंगुली व अंगूठे को भेदते हुए कंधे में धंस गई। देर रात तक जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में प्रीतम के कंधे में धंसी गोली को निकालने के प्रयास किए जा रहे थे।
गोली का खोल बरामद
फायरिंग की वारदात सीसीटीवी कै मरे में कैद हो गई। जिला स्पेशल टीम ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खाली खोल भी बरामद किए हैं। देर रात गेगल थाना पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया।
मोस्ट वांटेट का गुर्गा है गजनी
प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि सांवतसर निवासी रामस्वरूप जाट उर्फ गजनी जिला पुलिस के मोस्ट वांटेड पांच हजार के इनामी वरुण चौधरी का गुर्गा है। गजनी पूर्व में वरुण के चाचा पुलिस से बर्खास्त सिपाही धर्मेन्द्र चौधरी के लिए काम करता था। धर्मेन्द्र चौधरी की हत्या के बाद गजनी वरुण के लिए काम करने लगा। गजनी को अलवर गेट थाना पुलिस ने 2017 में रामकेश मीणा हत्याकांड में हथियारों की बड़ी खेप के साथ भी गिरफ्तार किया था।
वरूण की तलाश में है पुलिस
जिला पुलिस का मोस्ट वांटेड वरुण चौधरी की पुलिस को एक साल से तलाश है। गत वर्ष 22 जुलाई को वरुण के इशारे पर आकाश सोनी व भाड़े के शूटर ने कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष विक्रम शर्मा की बी.के. कॉल नगर में गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद से पुलिस वरुण व आकाश की तलाश में जुटी है। दोनों पर पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपए का इनाम भी रखा है।
Published on:
03 Jun 2021 03:30 am
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
