
police start searching for doctors in ajmer
मनीष कुमार सिंह/अजमेर।
चिकित्सकों की चल रही हड़ताल के बीच शनिवार को जिला पुलिस ने राज्य सरकार के आदेश की पालना में सख्त रवैया अख्तियार किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिकित्सकों के आवास पर दबिश दी। हालांकि कार्रवाई से पूर्व ही चिकित्सक घर छोड़ गए। एक चिकित्सक को पुलिस ने पकड़ में आने के बाद रविवार से ड्यूटी पर आने के लिए पाबंद किया।
एसपी राजेन्द्र सिंह के आदेश पर शनिवार सुबह वृत्ताधिकारी (अजमेर उत्तर) राजेश मीणा के नेतृत्व में सिविल लाइन्स थानाप्रभारी करणसिंह खंगारोत, कोतवाली थानाप्रभारी धर्मवीर सिंह और क्रिश्चियन गंज थानाप्रभारी विजेन्द्रसिंह गिल ने वैशालीनगर, सागर विहार, पंचशीलनगर, सिविल लाइंस, लोहाखान, जयपुर रोड स्थित चिकित्सकों के आवास पर दबिश दी। हालांकि दबिश में पुलिस को अधिकांश स्थानों से खाली हाथ ही लौटना पड़ा जबकि वैशाली नगर सागर विहार में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष सैनी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। समझाइश व बातचीत के बाद डॉ. सैनी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए रविवार को मरीजों के इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ड्यूटी पर आने के लिए लिखित में दिया।
नहीं आने पर रेस्मा में कार्रवाई
जानकारों के मुताबिक डॉ. सैनी ने पुलिस को लिखित में दिया है। डॉ. सैनी के लिखित में देने पर अस्पताल नहीं जाने पर पुलिस उन पर रेस्मा की कार्रवाई अमल में ला सकती है। जानकारों के मुताबिक लिखित में देने के बाद डॉ. सैनी को अस्पताल में ड्यूटी पर आना पड़ेगा। उधर कई डॉक्टर भूमिगत हो गए हैं। पुलिस उनके घर पहुंची लेकिन पत्नी, बच्चों और रिश्तेदारों के अलावा उन्हें कोई नहीं मिला।
इनके यहां दी दबिश
पुलिस ने सिविल लाइन्स स्थित डॉ. संजीव माहेश्वरी, डॉ. चेतराम रायपुरिया, डॉ. आर.के. गुप्ता, पुलिस लाइन स्थित डॉ. अनिल महावर, डॉ. प्रदीप जयसिंघानी के घर पर दबिश दी। रविवार को भी पुलिस सेवारत चिकित्सकों के आवास और संभावित ठिकानों पर दबिश देगी। जो डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं आएंगे उनके खिलाफ चिकित्सा विभाग और सरकार नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
सरकार के आदेशानुसार डॉक्टर्स के घरों में छानबीन की गई है। जो डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं आएंगे उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
राजेश मीणा, वृत्ताधिकारी (अजमेर उत्तर)
Published on:
11 Nov 2017 07:51 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
