
(फाइल फोटो)
Rajasthan Crime: मदनगंज-किशनगढ़। हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में गत 17 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को मदनगंज थाना पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया । आरोपी लंबे समय से दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आगरा सहित विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था । मदनगंज थाने के सीआई सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम टिकरी थाना कागारोल जिला आगरा निवासी आरोपी रविन्द्र उर्फ रवि (39) को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया ।
सीआई सुरेंद्रसिंह ने बताया कि 25 अप्रेल 2010 को रामनेर रोड स्थित बजरंग कॉलोनी में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी । रिपोर्ट में बताया गया कि दोपहर करीब 1:30 बजे तीन युवक मकान किराया लेने के बहाने घर आए । बातचीत के दौरान उन्होंने पानी मांगा। जब महिला पानी लेने अंदर गई, तभी पीछे से गोली मार दी गई। इस घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी ।
प्रकरण में मुख्य आरोपी ओमवीर सिंह सहित अन्य दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोप पत्र पेश किया जा चुका है। हालांकि उनके सहयोगी रविन्द्र उर्फ रवि, यशपाल सिंह और शैलेन्द्र सिंह लंबे समय से फरार चल रहे थे ।
मुखबिर की सूचना पर आगरा से पकड़ा
लगातार तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, इस पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रविन्द्र को आगरा से डिटेन किया गया । पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया । मामले के अन्य फरार आरोपी यशपाल सिंह और शैलेन्द्र सिंह की तलाश जारी है ।
इधर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गांधीनगर थाना पुलिस व साइबर सेल अजमेर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
गांधीनगर थाना सीआई संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला (आईपीएस) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीपक कुमार शर्मा (आरपीएस) और सहायक पुलिस अधीक्षक वृत किशनगढ़ शहर अजय सिंह राठौड़ (आईपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। गांधीनगर थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में थाना टीम व साइबर सेल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो-वीडियो अपलोड करने वाले संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक देशी कट्टे के साथ परासिया अंडरब्रिज क्षेत्र में घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना की तस्दीक कर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। साथ ही आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी रामनारायण (23) गुर्जर निवासी ग्राम रोडावास, थाना रूपनगढ़, जिला अजमेर का है। पुलिस प्रकरण में जांच कर रही है।
Updated on:
23 Mar 2026 01:42 pm
Published on:
23 Mar 2026 01:38 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
