13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ह्युमन एंगल: चीखें भी नहीं रोक सकीं ट्रेलर चालक को, पत्नी की मौत, पति की जिंदगी से जंग

Ajmer Accident: ट्रेलर चालक ने मोटरसाइकिल सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति अस्पताल में मौत से लड़ रहा है।

2 min read
Google source verification
ajmer accident

Photo- Patrika

Ajmer Accident: अजमेर-मदनगंज किशनगढ़। अजमेर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ट्रेलर चालक ने मोटरसाइकिल सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति अस्पताल में मौत से लड़ रहा है।

सर्विस लेन पर भी नहीं सुरक्षित

मदनगंज-किशनगढ़ क्षेत्र में दाधीच कॉलोनी निवासी विक्रमसिंह (52) पत्नी किरण कंवर (48) के साथ शनिवार दोपहर मोटरसाइकिल से एयरपोर्ट से रामनेर चौराहे की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे एक होटल के सामने सर्विस लेन पर पहुंचे ही थे कि जयपुर से अजमेर की ओर जाते तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

बचने की कोशिश भी बेकार गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपती ने खतरा भांपते हुए बाइक रोक ली थी, ताकि ट्रेलर चालक वाहन को संभाल ले या साइड से निकाल ले। लेकिन चालक ने न तो गति धीमी की और न ही साइड ली। ट्रेलर दंपती को कुचलता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी भयावह थी कि विक्रमसिंह व उनकी मोटरसाइकिल ट्रेलर के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई, जबकि किरण कंवर के ऊपर से ट्रेलर के पहिए निकल गए।

चीख-पुकार भी नहीं सुनी

घटना का हृदय विदारक पहलू यह रहा कि दंपती की चीख-पुकार भी चालक को रोक नहीं सकी। दनदनाते हुए ट्रेलर को अपनी ओर आता देख उन्होंने शोर भी मचाया लेकिन ट्रेलर चालक ने ब्रेक लगाने के बजाए स्पीड बढ़ा दी।

अस्पताल में टूटी सांसों की डोर

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दंपती को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद किरण कंवर को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां शनिवार रात करीब पौने 2 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि विक्रमसिंह का उपचार जारी है।

दुर्घटना में शामिल ट्रेलर जब्त

रविवार को हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ट्रेलर चालक की लापरवाही साफ नजर आ रही है। गांधीनगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू की है।

पत्रिका व्यू- दुर्घटना या लापरवाही से हुई मौत ?

यह घटना केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि लापरवाही के सवाल खड़े करती है। क्या सड़कों पर जिंदगी की कोई कीमत नहीं है? सड़क हादसे अक्सर ‘दुर्घटना’ कहकर भुला दिए जाते हैं, लेकिन जब लापरवाही इस तरह की हो तो सिर्फ हादसा नहीं होती। हालिया मामले में ट्रेलर चालक का रवैया आपराधिक लापरवाही से कहीं आगे का है।जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाएं यूं ही परिवारों को उजाड़ती रहेंगी।

इनका कहना है…

केन्द्र व राज्य सरकार सड़क हादसों को रोकने के लिए संकल्पबद्ध है। दुर्घटना से संबंधित वीडियो मिलने पर ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

  • अजेय सिंह राठौड़, आइपीएस व सीओ किशनगढ़