
गोविन्द नारायण। (फाइल फोटो)
सावर(अजमेर)। जयपुर में गैस टैंकर ब्लास्ट की घटना में झुलसे केकड़ी जिले के ग्राम सदारा निवासी युवक ने शनिवार सुबह जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सदारा निवासी गोविन्द नारायण राजावत (32) पुत्र कैलाश चन्द्र गांव के दोस्तों के साथ गुरुवार रात कार में जयपुर जा रहा था। इस दौरान जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र के अजमेर-जयपुर रोड पर शुक्रवार तड़के गैस टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होने से जाम लग गया। दुर्घटना के बाद गैस लीकेज से टैंकर में ब्लास्ट हो गया। इस दौरान गोविन्द नारायण कार को स्टार्ट करने की कोशिश में जुट गया। कार स्टार्ट नहीं हुई और आग ने कार को चपेट में ले लिया। इससे कार में बैठा गोविन्द गंभीर रूप से झुलस गया। उसके दो अन्य साथियों के कार से उतरकर भाग जाने से उनकी जान बच गई।
गंभीर रूप से झुलसे गोविंद को पुलिस ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। दोपहर में सदारा में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, बम ब्लास्ट में झुलसे युवक की मौत की सूचना से ग्राम में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाने के लिए घर पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
युवक की मौत से परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो गया। युवक के माता-पिता के साथ छोटा भाई व छोटी बहन सदमे में हैं। वहीं गांव में मातम पसर गया। गोविंद की फरवरी में शादी होने वाली थी, लेकिन हादसे ने परिवार में शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। गोविंद गांव में समाजसेवा समेत अन्य कार्यों में रुचि रखते हुए बढ़ चढ़कर सहयोग करता था। उसने जीवन में कई बार रक्तदान कर लोगों की जिंदगियां बचाने में भूमिका निभाई।
Updated on:
22 Dec 2024, 3:15 PM IST
Published on:
22 Dec 2024, 3:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.