अजमेर. विवाहिता के दूसरे युवक के साथ रहने से नाराज परिजन ने कथित प्रेमी युगल को पहले अगवा किया। फिर युवक को बंधक बनाकर मारपीट कर उसकी नाक काट दी। आरोपितों के चंगुल से निकले युवक ने गेगल थाने में युवती के परिजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सोमवार दोपहर नाक काटने का वीभत्स वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सक्रिय हुई अजमेर और नागौर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात पुलिस उन्हें गेगल थाने लेकर पहुंची।
पुलिस महानिरीक्षक(अजमेर रेंज) रूपिन्दर सिंघ ने बताया कि 19 मार्च रात 2 बजे नागौर के परबतसर हाल गेगल चांदियावास अंसल सिटी निवासी हमीद खान ने रिपोर्ट दी कि वह पत्नी (कथित प्रेमिका) के साथ अंसल सिटी में किराए के कमरे में रह रहा था। 18 मार्च को शाम 4 बजे उसके कमरे पर आरोपित आए। उन दोनों के साथ मारपीट की। दोनों को अगवा कर युवती को उसके ससुराल ले गए जबकि दूसरी गाड़ी में उसे बंधक बनाकर मारोठ ले गए। जहां उसके साथ मारपीट की। रात 2 बजे तालाब के पास आरोपितों ने दांतली से उसकी नाक काट दी। उसकी नाक काटने का वीडियो भी बनाया। इसके बाद उसको नावां चौराहे पर पटककर चले गए। होश में आने पर पीडि़त परबतसर पहुंचा। उपचार कराने के बाद गेगल थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

सात आरोपितों को गिरफ्तार किया
आईजी सिंघ ने बताया कि घटना सामने आने के बाद अजमेर एसपी चूनाराम जाट व नागौर पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी को वारदात में लिप्त आरोपितों की तलाश व गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने देर रात बीरबल खां, आमिन खां, हुसैन, इकबाल, जावेद उर्फ जायद खां, मईनुद्दीन उर्फ मोमिन और साजिद उर्फ प्रकाश मीरासी को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों पहले से ही विवाहित
आईजी सिंघ ने बताया कि युवती की जनवरी में नागौर जिले के एक थाने में गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस पड़ताल के अनुसार युवती और हमीद पहले से विवाहित हैं। जनवरी में हमीद अपनी कथित प्रेमिका को लेकर फरार हो गया। दोनों चांदियावास स्थित टाउनशिप में लिव इन में रह रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर युवती के परिजन 18 मार्च की शाम उन्हें अगवा कर ले गए।
वीडियो वीभत्स और घिनौना
आईजी सिंघ ने बताया कि आरोपितों की ओर से अंजाम दिया कृत्य घिनौना और वीभत्स है। मामले को केस ऑफिसर स्कीम में रखकर अनुसंधान किया जाएगा। मौजूदा दौर में ऐसी वारदात अंजाम देना आश्चर्यजनक है। आरोपितों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। देर रात आरोपित गेगल थाने लाए गए। यहां एसपी चूनाराम जाट, एएसपी ग्रामीण वैभव शर्मा व सीओ अजमेर ग्रामीण इस्लाम खान ने उनसे पूछताछ की।

वीडियो देखकर बच्चे हुए बेसुध
पिता की नाक काटने का वीडियो देखकर हमीद के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। हमीद की पत्नी ने बताया कि पिछले आठ सालों से वह अपने बच्चों के साथ भाई के मकान में रह रही है।
जानबूझकर वायरल किया वीडियो
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि हमीद खान के युवती को ले जाने से उसके परिजन आक्रोशित थे। आरोपितों ने दहशत फैलाने के इरादे से हमीद खान की दांतली से नाक काटकर वीडियो सोशल मीडिया पर जानबूझकर वायरल किया।