
नगर सहित आस-पास के क्षेत्रों में शुक्रवार को विश्व महिला दिवस पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं और युवतियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में दस हजार से अधिक महिलाओं ने नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठाया। किशनगढ़ के पुराने बस स्टैण्ड, नए बस स्टैण्ड और सरवाड़ी गेट से चौबीस घंटे में करीब 450 बसों का संचालन किया जाता है। राज्य सरकार की ओर से विश्व महिला दिवस पर गुरुवार रात्रि 12 बजे से शुक्रवार रात्रि 12 बजे तक रोडवेज बसों में महिला और युवतियों ने नि:शुल्क यात्रा की। किशनगढ़ रोडवेज प्रशासन के अनुसार चौबीस घंटे में 450 के करीब बसों में 10 हजार से अधिक महिलाओं ने नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठाया। स्थिति यह थी कि बसों में बैठने तक की जगह नहीं थी। बसों में सुबह से लेकर देररात्रि तक महिलाओं की आवाजाही का दौर चलता रहा।