30 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer Accident: जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर तीन ट्रकों की भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक, जेसीबी से निकाला गया बाहर

जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर गुरुवार को दो कंटेनर और बजरी से भरे डंपर की भीषण टक्कर में एक चालक केबिन में फंस गया। जेसीबी की मदद से उसका रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि हादसे के चलते करीब एक घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा।
2 min read
Google source verification

अजमेर

image

Kamal Mishra

Jul 30, 2026

Ajmer Accident

Ajmer Accident: केबिन में फंसे कंटेनर चालक को निकालने का प्रयास करते लोग। (फोटो-पत्रिका) 

अजमेर। जिले के मदनगंज-किशनगढ़ क्षेत्र में जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर गुरुवार को तीन भारी वाहनों की भीषण भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे खड़े बजरी से भरे डंपर से एक कंटेनर टकरा गया, जिसके बाद पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक कंटेनर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा आर.के. पाटनी फार्म हाउस के सामने हुआ। सड़क किनारे बजरी से भरा डंपर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक कंटेनर ने डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रहा दूसरा कंटेनर भी नियंत्रण खो बैठा और दोनों वाहनों से टकराने के बाद सड़क किनारे स्थित फार्म हाउस के बाहर लगे पेड़ से जा भिड़ा।

केबिन में फंसा चालक, जेसीबी से चला रेस्क्यू

दूसरे कंटेनर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे चालक अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और चालक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर आर.के. मार्बल ग्रुप के चेयरमैन अशोक पाटनी मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर तत्काल जेसीबी मंगवाई गई, जिसकी सहायता से केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के बाद घायल चालक को निजी एम्बुलेंस से राजकीय यज्ञनारायण जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन हालत गंभीर बताई जा रही है।

एक घंटे तक लगा रहा जाम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद ली। हादसे के कारण जयपुर-किशनगढ़ हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस जांच में जुटी

वाहनों को हटाने के बाद पुलिस ने यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आगे खड़े वाहन का समय पर पता नहीं चल पाने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।