
छात्रसंघ उद्घाटन समारोह में बोले सांसद बेनीवाल
अजमेर. अपने हक के लिए राजस्थान का युवा लडऩा और संघर्ष करना सीख चुका है। वह किसी भी सरकार और नेता को झुका सकता है। युवाओं को डिग्री लेते ही नौकरी मिले, यह केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। यह बात नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने मंगलवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय के छात्रसंघ उद्घाटन समारोह में कही।
बेनीवाल ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी चिंता का विषय है। राजस्थान सहित देश के विभिन्न प्रदेशों में रोजगार, सुरक्षा के हालत चिंतानक है। कभी पुस्तकालय भर्ती का पेपर लीक तो कभी शिक्षक भर्ती के लिए आंदोलन, युवाओं-किसानों की आत्महत्या के मामले बढ़ गए हैं। राजस्थान का युवा हक की आवाज उठा रहा है। वह लडऩा और संघर्ष करना सीख गया है। बेनीवाल ने गल्र्स कॉमन रूम और विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।
विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। युवा ही देश को कुशल नेतृत्व, मजबूत अर्थव्यवस्था और सुरक्षिथ समाज का निर्माण कर सकते हैं। छात्रसंघ ही लोकतंत्र के मायने सिखाता है। विद्यार्थियों को नेतृत्व के गुण सीखने के साथ-साथ रचनात्मक माहौल का निर्माण करना चाहिए। अभाविप के प्रांत संगठन मंत्री हरीश ने कहा कि सुदूर ग्रामीण अंचल में बैठे व्यक्ति तक सहज, सुलभ शिक्षा और योजनाएं पहुंचे यही विद्यार्थी परिषद का लक्ष्य है। मौजूदा प्रदेश सरकार शिक्षा मंदिरों में राजनैतिक हस्तक्षेप में जुटी है। शैक्षिक संस्थानों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं को छात्रसंघ के माध्यम से कैंपस की समस्याएं सुलझाने और शैक्षिक विकास पर जोर देना चाहिए। छात्रसंघ अध्यक्ष कांता जाखड़, उपाध्यक्ष पूजा मेघवंशी, महासचिव खुश्बू सांखला और संयुक्त सचिव नेहा सहित अन्य मौजूद रहे।
वसुंधरा नहीं होती तो बनती सरकार…
बेनीवाल ने देवनानी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि भाजपा और आरएलपी का लोकसभा चुनाव में गठबंधन हुआ। अगर विधानसभा में वसुंधरा की जगह कोई दूसरा चेहरा होता वे गठबंधन कर लेते। आज कांग्रेस की जगह भाजपा की सरकार होती।
पायलट को सीएम नहीं बनने का मलाल
कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए बेनीवाल ने कहा कि सचिन पायलट को सीएम नहीं बनने का मलाल है। अशोक गहलोत और उनमें तालमेल नहीं है। सरकार खाली खजाने का राग अलाप रही है। हम पंचायत चुनाव के बाद सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे। युवाओं, किसानों, बेरोजगारों के साथ वायदा खिलाफी का जवाब मांगेंगे। अजमेर में भी महारैली करेंगे।
झलकियां…
-बेनीवाल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश का विकास जारी है। धारा 370 हटाना, नागरिकता संशोधन अधिनियम जैसे फैसले अभूतपूर्व हैं। सामने (विपक्ष) मैदान खाली है। 2028 तक अब मोदी ही रहेंगे। राहुल जैसे पप्पू उनके आसपास भी नहीं है।
-गहलोत कहते थे गुटखा बंद कर देंगे। व्यापारी मिलने पहुंचे तो राग अलापा कि जांच कराएंगे फिर फैसला लेंगे। राज्य का मुखिया ही ऐसी बातें करें तो भ्रष्टाचार होना स्वाभाविक है।
-जीसीए में छात्रसंघ उद्घाटन समारोह में झगड़ा हुआ। प्राचार्य किसी पार्टी के लिए कामकाज कर रहे हैं, तो उनको ठीक कर देंगे।
-चाहे सरकार किसी को हो, संसद से सडक़ तक मैं राजस्थान के नौजवानों, किसानों की आवाज उठाता रहूंगा। आप मेरा साथ दो, हम राजस्थान को बदलकर रख देंगे।
-हमारे जमाने में नेता बिजली आएगी तो करंट आएगा, बेटी पढ़ेगी तो मुसीबत होगी….जैसे बातें कहकर जीत जाते थे। इसीलिए राजस्थान पिछड़ा रह गया। ऐसे नेताओं को अब कोई नहीं पूछता है।