
Rajasthan Nagar Nigam Election: राजस्थान में जल्द ही नगर निगम चुनाव 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' की तर्ज पर कराए जाएंगे। इस बात की जानकारी नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शनिवार को अजमेर में दी। वह 27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन नगर निगम भवन के उद्घाटन समारोह में भाग लेने पहुंचे थे।
इस मौके पर उन्होंने निगम चुनाव, शहरी विकास और अग्नि सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दों पर जानकारी साझा की।
इस दौरान मंत्री खर्रा ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच नगर निगम चुनाव करवाने की है। इस दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वार्डों के परिसीमन का कार्य जून के अंत तक, और मतदाता सूची का काम अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद निर्वाचन आयोग को आवेदन कर चुनाव तिथि घोषित करने की अपील की जाएगी।
झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि सरकार एक चरण में चुनाव चाहती है, लेकिन अंतिम फैसला आयोग का होगा।
UDH मंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश के सभी नगर निगम और निकायों की सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन की जा रही हैं। इससे आमजन को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आवेदन की प्रक्रिया पारदर्शी होगी और एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों की गलती होने पर उसे तुरंत सुधारा जाएगा।
हाल ही में अजमेर के एक होटल में हुई अग्निकांड की घटना पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने कहा कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच करवाई जाएगी। मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस अवसर पर कहा कि अजमेर शहर का विकास सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 40 करोड़ की लागत से सड़कें और 40 करोड़ से अधिक की लागत से नालों का निर्माण प्रस्तावित है। कुल मिलाकर लगभग 100 नई सड़कें क्षेत्र में बनाई जाएंगी, जिससे आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।
इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, विधायक अनीता भदेल, कांग्रेस और भाजपा के पार्षद, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Published on:
17 May 2025 08:31 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
