
होम आइसोलेट में लापरवाही पड़ सकती है भारी
अजमेर. विदेशों से आने वाले व्यक्तियों एवं भीलवाड़ा के प्राइवेट अस्पताल में उपचार करवाने वाले कुछ लोगों को होम आइसोलेट के निर्देश दिए गए हैं, उनके घरों के बाहर सूचना चस्पा की गई है मगर कुछ लोग आदेशों की पालना नहीं कर रहे हैं। इन लोगों को १४ दिनों तक होम आइसोलेट करके रखना है। सोमवार को भी कुछ संदिग्ध मरीज/होम आइसोलेट सलाह वाले मरीज बाजार व खुले में घूमते मिले। इनकी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी ने बताया कि अजमेर शहर व जिले में होम आइसोलेट के लिए २०० से अधिक लोगों को निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार व विभागीय आदेशों के बाद इन लोगों के घरों के बाहर सूचना चस्पा की गई है। मगर कुछ व्यक्ति ऐतराज जता रहे हैं, कुछ व्यक्ति बाहर खुले में घूम रहे हैं।
टीम घर पर, युवक बाजार में!
सोमवार को अंदरकोट डिस्पेंसरी व चिकित्सा विभाग की टीम लौंगिया स्थित कमल कुमार राठी के घर पहुंची। यह युवक विदेश से आया है। जब स्क्रीनिंग के लिए युवक से सम्पर्क साधा तो घर में उसकी बहन मिली जिसने बताया कि वह अस्पताल जाने की बोल कर बाहर गए हैं। इस दौरान बहन की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। कुछ देर में युवक सब्जी लेकर पहुंचा। लोगों ने बताया कि वह मोतीकटला स्थित सब्जी की दुकान से सब्जी खरीद रहा है। इस तरह की लापरवाही आमजन पर भारी पड़ सकती है। इसी तरह दुबई से आने वाले बशीर मोहम्मद के हाथ पर क्वारंटाइन की सील लगी होने के बावजूद वह बाहर घूम रहा है।
Published on:
24 Mar 2020 12:24 am
