
अजमेर एसपी ऑफिस में युवक ने किया खुदकुशी का प्रयास,पत्रिका फोटो
Suicide Attempt Ajmer: अजमेर शहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार सुबह अपनी फरियाद लेकर आए एक युवक ने विषाक्त पीकर खुदकुशी का प्रयास किया। घटना से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया । युवक अपने परिजनों के खिलाफ ही परिवाद लेकर कार्यालय में पहुंचा था। आनन फानन में पुलिस युवक को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि अस्पताल में युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बांदर सिंदरी थाना इलाका निवासी पप्पु माली पुलिस से न्याय नहीं मिलने के कारण अवसाद में था। मंगलवार सुबह वह अपने साथ कीटनाशक पदार्थ लेकर पुलिस अधीक्षक अजमेर कार्यालय पहुंचा। बताया जा रहा है कि युवक का पारिवारिक मामले को लेकर अपने परिजनों से ही विवाद चल रहा है। बांदर सिंदरी पुलिस थाने में शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह मंगलवार सुबह एसपी दफ्तर आ गया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एसपी दफ्तर में युवक के परिवाद को लेकर अफसरों ने कार्यालय में 5 नंबर कमरे में परिवाद की रिपोर्ट देने की बात कही। युवक परिवाद की रिपोर्ट देने के बाद गेट की तरफ आया और अचानक जेब में रखे कीटनाशक पदार्थ को निकालकर पी गया। कीटनाशक पदार्थ पीने के बाद उसने जोर जोर से बोलकर जहर पी लेने की बात वहां मौजूद लोगों को बताई तो वहां हड़कंप मच गया। थोड़ी देर में ही युवक उल्टियां करने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को तुरंत जवाहर लाल नेहरू अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर भी युवक जहर पीकर जान देने की बात बार बार कहता रहा। एम्बूलेंस उपलब्ध नहीं होने पर पुलिसकर्मी युवक को एक बाइक पर ही बैठाकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित युवक ने बांदर सिंदरी पुलिस थाने में दिए परिवाद में अपने बड़े भाई और भाभी व अन्य पर मारपीट करने और पुश्तैनी जमीन नाम नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। बीते सोमवार को युवक और उसकी मां को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया लेकिन शिकायत करने के बावजूद थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जानकारी के अनुसार पुलिस अब युवक की शिकायत को लेकर जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि बांदर सिंदरी पुलिस थाने से भी युवक के परिवाद को लेकर सूचना मांगी गई है और उसके परिजनों से भी विवाद को लेकर जल्द ही पूछताछ की जाएगी।
Published on:
19 May 2026 01:49 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
