
अजमेर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा का आयोजन 6 अक्टूबर को अजमेर के कायड़ विश्राम स्थली पर किया जाएगा। राजस्थान गौरव यात्रा के समापन पर सभा में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे संबोधित करेंगी। भाजपा की ओर से सभा में करीब तीन लाख आमजन व भाजपा कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य तय किया गया है। सभा के अलावा पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर में बन रहे एंट्री प्लाजा के उद्घाटन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है मगर अभी प्रधानमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं आया है। भाजपा नेताओं की सभा का फिलहाल कोई कार्यक्रम नहीं है। इस सभा में प्रदेश भर के करीब 51 हजार बूथों के अध्यक्ष, कार्यकर्ता सभा में मौजूद रहेंगे। सभा की तैयारी को लेकर पिछले तीन दिनों में संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना बैठकें ले चुके हैं।