
अजमेर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कायड़ विश्रामस्थली में राजस्थान गौरव यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 6 अक्टूबर को प्रस्तावित सभा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभा स्थल पर, प्रधानमंत्री के अस्थाई हेलीपेड, पार्किंग, प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं एवं आमजन के प्रवेश सहित अन्य जानकारी लेने के बाद हरी झंडी दे दी है।
मुख्यमंत्री राजे जोधपुर से किशनगढ़ एयरपोर्ट एवं बाद में घूघरा हेलीपेड से कायड़ विश्रामस्थली पहुंचीं। सार्वजनिक निर्माण एवं परिवहन मंत्री यूनुस खान, जिला कलक्टर आरती डोगरा व अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सभा स्थल, प्रवेश द्वार, सभा स्थल के पास प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर लेंडिंग के लिए अस्थाई हेलीपेड, प्रधानमंत्री के सभा के मंच के पीछे गेट से प्रवेश मार्ग सहित विश्रामस्थली के विभिन्न प्रवेश द्वार के साथ पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का नक्शा दिखाकर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सानिवि मंत्री खान, जिला कलक्टर डोगरा को सभास्थल की सफाई, सभास्थल पर मंच निर्माण सहित जल्द तैयारियों के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पीएमओ को भी मौके से ही मोबाइल के जरिए सभा के स्थान चयन की सूचना दी। भाजपा आलाकमान को भी इससे अवगत कराया। शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल ने भी मुख्यमंत्री को सभा स्थल के बारे में बताया। इस दौरान उनके साथ संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम, सुरेश सिंह रावत, किशनगढ़ विधायक भागीरथ चौधरी, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, राजस्थान हज कमेटी एवं दरगाह कमेटी अध्यक्ष अमीन पठान, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष अरविन्द यादव, देहात जिलाध्यक्ष प्रो. बी. पी. सारस्वत, एडीए चेयरमैन शिवशंकर हेड़ा, महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, जिला प्रमुख वंदना नोगिया, भंवर सिंह पलाड़ा, रामस्वरूप लांबा, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह आदि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री बाद में घूघरा हेलीपेड से टोंक के लिए रवाना हो गईं। इससे पूर्व उन्होंने हेलीकॉप्टर से ही पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर में बन रहे एंट्री प्लाजा निर्माण कार्यों का हवाई जायजा लिया।
राजस्थान का सबसे बड़ा सभास्थल-खान
परिवहन व सानिवि मंत्री यूनुस खान ने कहा कि राजस्थान गौरव यात्रा का समापन 6 अक्टूबर को पुष्कर ब्रह्मा मंदिर में होगा। पुष्कर (अजमेर) के कायड़ विश्राम स्थली का सभा स्थल के रूप में चयन किया गया है। राजस्थान का सबसे बड़ा स्थल चयन किया गया है। यहां असंख्य कार्यकर्ता व आमजन सभा में आएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभा को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री राजे सभा में मौजूद रहेंगी।
14 लाख वर्ग मीटर दायरे में सभा, 3 से 5 लाख तक की व्यवस्था
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि कायड़ विश्रामस्थली पर करीब 14 लाख मीटर दायरे में सभा होगी। इसमें करीब 3 से 5 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। राजस्थान गौरव यात्रा के समापन पर अजमेर में सभा ऐतिहासिक होगी।