
अजमेर.
शहर में अपराधियों के हौसले बुलन्द है। वहीं आमजन की पुलिस थाने में सुनवाई नहीं हो रही है। दिनदहाड़े हुई चोरी का मामला दर्ज करवाने के लिए पीडि़त को पुलिस महानिरीक्षक बीजू जोर्ज जोसफ, कलक्टर आरती डोगरा के दरवाजे पर दस्तक देनी पड़ी। आईजी के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को रामगंज थाना पुलिस ने पीडि़त से शिकायत लेकर बीस दिन बाद चोरी का मुकदमा दर्ज किया।
कंचन नगर आशा कॉलोनी निवासी पप्पूलाल ने बताया कि वह 19 सितम्बर को अपने परिवार के साथ गांव गया था। उसने मकान पर अच्छी तरह से ताले लगाए थे। जब शाम 5 बजे लौटा तो मुख्यद्वार का ताला सही मिला लेकिन मकान के भीतर कमरों के ताले टूटे मिले। चोर अलमारी, बक्से के ताले तोड़कर करीब आधा किलो चांदी व पांच तोला सोने की जेवर के साथ बीस हजार रुपए की नकदी चुराकर ले गए। उसने रामगंज पुलिस थाने में शिकायत दी लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत को तवज्जो नहीं दी। काफी प्रयास के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया जबकि उसने कुछ लोगो पर शक भी जाहिर किया था।
कलक्टर-आईजी को लगाई गुहार
पप्पूलाल ने बताया कि बीस दिन बाद भी शिकायत दर्ज नहीं करने पर उसने कलक्टर आरती डोगरा, आईजी बीजू जोर्ज जोसफ से गुहार लगाई। आईजी ने उसकी पीड़ा सुनते ही तुरन्त रामगंज थाना पुलिस को निर्देश दिए। आईजी के आदेश पर रामगंज थाना पुलिस ने उसे मंगलवार को थाने पर बुलाया और चोरी का मुकदमा दर्ज किया।