22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पुष्कर घाटी एक्सीडेंट केस में नया मोड़: हादसे के बाद अस्पताल से कहां गायब हुआ दिग्विजय सिंह? पुलिस तलाश में जुटी

Pushkar Road Accident Case: अजमेर की पुष्कर घाटी में पिछले दिनों हुए सड़क हादसे की जांच अब तेज हो गई है। दुर्घटना में एक युवक की मौत और 3 लोगों के घायल होने के मामले में पुष्कर पुलिस गुरुवार को सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची। हादसे में पुलिस की कार्यशैली भी जांच के घेरे में है।

2 min read
Google source verification
Pushkar road accident case

श्रीश्याम सेवा समिति सेवादार दिग्विजय सिंह, पत्रिका फोटो

Pushkar Road Accident Case: अजमेर की पुष्कर घाटी में पिछले दिनों हुए सड़क हादसे की जांच अब तेज हो गई है। दुर्घटना में एक युवक की मौत और 3 लोगों के घायल होने के मामले में पुष्कर पुलिस गुरुवार को सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची। जांच अधिकारी ने हादसे में शामिल एसयूवी के दस्तावेज, चालक, उसमें सवार युवकों की जानकारी नहीं मिलने पर श्रीश्याम सेवा समिति के अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान को नोटिस थमाया।

जांच अधिकारी नंदकिशोर गोदारा गुरुवार को प्रकरण में अनुसंधान के लिए खाटू पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीश्याम सेवा समिति के पदाधिकारियों व अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान से कार, चालक व हादसे के समय वाहन में मौजूद लोगों की जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान दिग्विजय सिंह की ओर से कार चलाने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई, लेकिन समिति की ओर से अन्य युवकों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

तब पुलिस के साथ था दिग्विजय, अब तलाश

हादसे में पुलिस की कार्यशैली भी जांच के घेरे में है। दुर्घटना के बाद एसयूवी सवारदिग्विजय सिंह पुलिस को घटनास्थल पर घायलावस्था में मिला। पुलिस उसको इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल भी लाई। यहां कुछ राहगीर ने उसे पहचान भी लिया लेकिन पुलिस माहौल बिगड़ने से पहले उसका इलाज और मेडिकल करवाए बिना वापस ले गई। यह घटनाक्रम भी वायरल वीडियो में सामने आया। इसके पश्चात दिग्विजयसिंह कहां गया, किसी को कुछ भी नहीं पता। अब पुलिस दिग्विजय सिंह की तलाश में यहां-वहां घूम रही है जबकि उसके तीन साथी पहले ही फरार हो गए।

अध्यक्ष ने जवाब के लिए मांगा समय

जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस जांच अधिकारी ने समिति अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान को मौके पर कानूनी नोटिस दिया। नोटिस में दुर्घटना में शामिल एसयूवी के मूल दस्तावेज, बीमा कागजात, चालक का नाम तथा हादसे के समय कार में सवार सभी युवकों की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि समिति अध्यक्ष ने तत्काल जवाब देने के बजाय पुलिस से समय मांगा है।

यह है मामला

गत 18 मई की रात पुष्कर घाटी में श्रीश्याम सेवा समिति के नाम से पंजीकृत तेज रफ्तार एसयूवी कार की टक्कर से धोलाभाटा निवासी रवि की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। हादसे के बाद वायरल हुए वीडियो में कार में चार युवकों के सवार होने और वाहन में शराब मौजूद होने की बात सामने आई थी। इसी आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कार और उसमें मौजूद युवकों की तलाश शुरू की।

जवाब मिलने के बाद होगी कार्रवाई

दुर्घटनाकारित करने वाली एसयूवी श्रीश्याम सेवा समिति के नाम पंजीकृत है। ऐसे में पुलिस ने समिति अध्यक्ष को नोटिस दिया है। जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

रामचन्द्र चौधरी, सीओ अजमेर ग्रामीण