
Ajmer News: अजमेर। अजमेर के बांदरसिंदरी स्थित राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय फिर आया विवादों की सुर्खियों में है। राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय की मैस में विद्यार्थी को परोसी गई सब्जी में छिपकली की पूंछ मिलने का मामला सामने आया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय में शनिवार को मैस में जब विद्यार्थी खाना खा रहे थे तब एक विद्यार्थी को परोसी गई थाली की सब्जी में छिपकली की पूंछ नजर आई। यह देख दूसरे विद्यार्थी भी सहम गए। बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों ने इसकी शिकायत चीफ वार्डन व रजिस्ट्रार को भी की है। विद्यार्थियों ने खाने की गुणवत्ता में सुधार की मांग की है।
खाने में छिपकली की पूंछ का वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने यूनिवर्सिटी के वीसी से बात कर मामले की जांच करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है। किसी भी सूरत में छात्रों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय की मैस में विद्यार्थी को परोसी गई सब्जी में छिपकली की पूंछ देखकर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साएं स्टूडेंट्स ने मेस संचालक से इसकी शिकायत की। साथ ही ईमेल के जरिये चीफ वार्डन को पूरे मामले से अवगत कराया। यह भी बताया जा रहा है कि एक विद्यार्थी का मैस कर्मचारी से विवाद हो गया था। इसी के चलते सब्जी परोसते समय छिपकली की पूंछ डालकर विवाद खड़ा किया गया है। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी की मैस में लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं को लेकर विद्यार्थियों में रोष व्याप्त है। स्टूडेंट्स ने सोशल मीडिया पर छिपकली की पूंछ के खाने का वीडियो अपलोड कर दिया। जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बता दें कि इससे पहले भी मेस के खाने से कीड़े और मरी छिपकली मिल चुकी है। जिसके विरोध में स्टूडेंट्स प्रदर्शन भी किया गया था।
Updated on:
14 Oct 2024, 8:56 AM IST
Published on:
14 Oct 2024, 6:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.