
जीआरपी थाना पुलिस की गिरफ्त में महिला आरोपी ।
अजमेर। राजकीय रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में सक्रिय अंतर्राज्यीय बावरी गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं। जिनकी कीमत करीब 1.80 लाख रुपए आंकी है।
पुलिस गैंग की बाकी शातिरों की तलाश में जुटी है। गिरोह पुष्कर में आयोजित कथा में भी सक्रिय था। थानाप्रभारी फूलचंद बालोटिया ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों के आभूषण चुराने वाले अंतर्राज्यीय बावरी गैंग की पाली फालना औद्योगिक नगर बस्ती निवासी आरती(21) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसके कब्जे से चोरी के सोने के मांदलिया बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।
बालोटिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपी आरती ने कबूला कि उसके साथ 5-6 अन्य साथी गैंग में शामिल हैं। गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों और ट्रेनों में वारदात को अंजाम देकर मोबाइल फोन बंद कर फरार हो जाता है।
बालोटिया ने बताया कि राज्य स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में जीआरपी थाना अजमेर की टीम ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज व साइबर सेल से मिली तकनीकी सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला आरती को दस्तयाब किया। उसने 25 फरवरी को ट्रेन में चित्तौड़गढ़ निवासी विमला देवी के गले से सोने का मांदलिया तोड़ना कबूल किया। जिसकी अजमेर में रिपोर्ट दर्ज है।
बालोटिया ने बताया कि पुलिस पड़ताल में आरती ने कबूल किया कि उनकी गैंग पुष्कर में आयोजित बागेश्वर धाम की कथा में भी वारदात अंजाम देने के इरादे से आई थी।
पुलिस कार्रवाई में एएसआई रमेशचंद, संजय, हैडकांस्टेबल देवेन्द्र, नरोत्तम, सुमेरचन्द, मानसिंह, सिपाही जितेन्द्रसिंह, रिछपाल, अशोक कुमार व महिला कांस्टेबल सरोज व कुमारी मंजूलता शामिल है।
Updated on:
28 Apr 2026 01:04 pm
Published on:
28 Apr 2026 01:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
