6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वो बोले…मैडम क्यूं परेशानी में पड़ती हो, कर दो मामले को रफा-दफा

एक दो युवकों ने तो महिला अधिकारियों को ले देकर मामला निपटाने तक का ऑफर दे डाला।

2 min read
Google source verification
soil sale business

soil sale business

अजमेर

बजरी खनन पर रोक के बावजूद शहर में धड़ल्ले से बजरी का खनन हो रहा है और जिम्मेदारों को इसकी कोई परवाह नहीं है। पुलिस व खनन विभाग के आंखों के नीचे चल रहे इस अवैध कारोबार का खुलासा सरकार के ही दो जिम्मेदार महिला आरएएस अधिकारियों की सजगता से हुआ है।

महिला अधिकारियों ने बीच रास्ते बजरी से भरे ट्रैक्टरों को न केवल रोका वरन क्रिश्चियनगंज थाने में स्वयं जाकर इसकी शिकायत दी। पुलिस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली व चालक को हिरासत में ले लिया है।

नगर निगम की उपायुक्त प्रशासन ज्योति ककवानी व उपखंड अधिकारी अंजली राजोरिया अपने परिवार सहित पुष्कर से किसी समारोह में भाग लेकर लौट रहीं थी इस दौरान पुष्कर घाटी समाप्त होने के बाद नौसर क्षेत्र में इन अधिकारियों ने बजरी से भरी टैक्टर ट्रॉलियां जाते देखीं।

इन्होंने हाथ का इशारा देकर इन्हें रोकना चाहा लेकिन ट्रैक्टर चालकों ने अपने वाहनों की गति बढ़ा दी। इस बीच यह माजरा देख एक ट्रैक्टर चालक तो यू- टर्न कर मुड़ कर अपने ट्रैक्टर को भगा ले गया। जबकि दूसरे ट्रैक्टर चालक ने मित्र नगर रातीडांग की ओर मोड़ कर गलियों में भगाने की कोशिश की इस बीच वह ट्रैक्टर छोड़ कर फरार हो गया। तीसरे ट्रैक्टर चालक जगदीश को इन महिला अधिकारियों ने रोक लिया।

उपायुक्त ककवानी ने इसकी शिकायत पुलिस व खान विभाग को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ट्रैक्टर चालक जगदीश को हिरासत में ले लिया और ट्रैक्टर जब्त कर क्रिश्चियनगंज थाने में लिया। मामले में आरजे 01- आरए-9358 को जब्त किया। जबकि अन्य ट्रैक्टर का चालक आरजे 01- आरए 5748 का चालक फरार हो गया।
महिला अधिकारियों को मामला निपटाने का ऑफर

इस बीच मौके पर स्कॉर्पियों में सवार कुछ युवक मौके पर पहुंच गए। कुछ दुपहिया वाहनों में भी पहुंचे। एक दो युवकों ने तो महिला अधिकारियों को ले देकर मामला निपटाने तक का ऑफर दे डाला। बाद में महिला अधिकारियों के तेवर देखकर वह वहां से चंपत हो गए।

महिला अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खान विभाग को इत्तला दे दी गई है। वह मामले में चालान बनाकर जुर्माना देंगे।

कानून की स्थिति कानूनी प्रावधानों के तहत ऐसे अवैध रूप से बजरी के परिवहन के मामलों में जुर्माना देकर ट्रैक्टर छूट जाते हैं। ऐसे में अवैध खनन करने वालों के हौसले भी बुलंद हो जाते हैं। सख्त कार्रवाई के लिए बहुत सी औपचारिकताएं होना जरुरी होता है।