
student union election
अजमेर. कॉलेज और विश्वविद्यालय में चुनाव की रंगत जोर पकड़ रही है। शुक्रवार को भी प्रत्याशियों के चयन को लेकर जबरदस्त माथापच्ची चली। एनएसयूआई, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी प्रत्याशियों को टिकट देने को लेकर उलझते रहे। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं का भी जबरदस्त दखल रहा।
प्रदेश में इस बार विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एनएसयूआई सहित अन्य संगठनों के लिए छात्रसंघ चुनाव बहुत अहम है। सभी संगठनों ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय को ज्यादा प्रमुखता दी है। इन्हीं संस्थाओं के प्रत्याशी चयन में सर्वाधिक माथापच्ची हुई।
जातिगत समीकरण, छात्र-छात्राओं की साल भर की सक्रियता, शैक्षिक योग्यता और विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन और अन्य बिन्दुओं पर पदाधिकारी और समर्थक उलझते रहे।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष नवीन सोनी, युवक कांग्रेस के सुनील लारा और अन्य ने चुनाव लडऩे के इच्छुक विद्यार्थियों से मुलाकात की। विद्यार्थी परिषद का भी कमोबेश यही हाल रहा। विभाग संगठन मंत्री सोहन शर्मा, महानगर मंत्री मेहुल गर्ग सहित अन्य टिकट तय करने में जुटे रहे। कई संस्थाओं में दावेदारों का टोटा तो कुछ में जिताऊ प्रत्याशी नहीं मिलने से पदाधिकारी चिंतित नजर आए। अब शनिवार नामांकन के वक्त ही तस्वीर स्पष्ट होगी।
बागी बढ़ाएंगे मुसीबत
सभी संस्थाओं में टिकट नहीं मिलने से नाराज विद्यार्थी बगावत करने के मूड में है। राजकीय कन्या महाविद्यालय में तो शुरूआत हो चुकी है। यहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से टिकट मांग रही स्वस्ति आर्य ने अध्यक्ष, मालती दौलिया ने उपाध्यक्ष, महासचिव पद पर पूजा जांगिड़ और संयुक्त सचिव पद पर काजल बागड़ी ने चुनाव लडऩे का फैसला किया है। इसी तरह लॉ कॉलेज, मदस विश्वविद्यालय, सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज में भी बागी प्रत्याशी मुसीबत बन सकते हैं।
15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी चुनेंगे अपने प्रतिनिधि
कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में शुक्रवार को अंतिम मतदाता सूची जारी हुई। कमेटियों ने विद्यार्थियों की आपत्तियों का निस्तारण किया। इस बार 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी 31 अगस्त को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए मतदान करेंगे। शनिवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए प्रत्याशी नामांकन भरेंगे।
Published on:
25 Aug 2018 06:33 am
