
अजमेर/पुष्करण। पुष्कर में करीब 800 मीटर ऊंची रत्नागिरी पहाड़ी पर स्थित जगतपिता ब्रह्मा की पत्नी सुहागिनदात्री माता सावित्री के मंदिर ( Savitri Mata Temple ) में बीती रात अज्ञात चोर माता के मूर्ति पर पहनाए गए चांदी के मुकुट एवं दान पात्र चुरा कर ले गए। आज सुबह रोजमर्रा की तरह पुजारी कैलाश मिश्र मंदिर की पूजा करने आया तो दरवाजा खुला था तथा माता के मंदिर में माता की मूर्ति को पहनाए गए चांदी के करीब 400 ग्राम वजनी मुकुट एवं चांदी के सिक्के सहित दो दानपात्र गायब थे। सूचना मिलते ही पुलिस थाना अधिकारी राजेश मीणा में टीम के मौके पर पहुंचे जांच शुरू की वहीं जिला पुलिस कप्तान कुंवर राष्ट्रदीप ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं पहाड़ी पर चढक़र मंदिर में जाकर मौका मुआयना किया तथा घटना को लेकर जांच पड़ताल की एवं उचित निर्देश दिए।
पत्रिका से बात करते हुए पुजारी कैलाश मिश्र ने बताया कि रोजमर्रा की तरह वह मंदिर के गर्भ गृह के दालान के दरवाजे बंद करके सो गए थे तथा मंदिर के परकोटे का आखिरी दरवाजा बंद कर दिया था सुबह उठकर देखा तो मंदिर की माता की मूर्ति के चांदी के मुकुट गायब थे व दानपात्र भी नहीं थे। मंदिर के पिछवाड़े में सीढी लगी थी तथा दानपात्र बिखरे मिले।
पुजारी मिश्र के अनुसार अज्ञात चोर वारदात अंजाम देने से पूर्व लोहे की सीढ़ी का सहारा लेकर मंदिर के अंदर घुसे दरवाजा खोलकर गर्भ ग्रह तक है तथा चोरी की वारदात अंजाम कर डाली। पुलिस की प्राथमिक दृष्टया जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में तीन व्यक्तियों के मंदिर में प्रवेश करने की जानकारी मिली है। थानाधिकारी राजेश मीणा स्वयं घटना का खुलासा करने में तत्परता से जुड़ गए हैं पूरी पुलिस टीम पहाड़ी पर मंदिर एवं आसपास के पूरे इलाके को खंगाल कर घटना का खुलासा करने में लगी हुई है।
जांच के क्रम में ही पुलिस के डॉग स्क्वायड से भी मंदिर में आसपास के पूरा परिसर का जायजा कराया गया है। इस घटना की खास बात यह है कि अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात में केवल सावित्री माता की मूर्ति पर पहनाया गया चांदी के मुकुट ही चुरा कर ले गए हैं। मंदिर मूर्ति के ऊपर काफी कीमती और वजनी कई चांदी के छत्र लटके पड़े हैं साथ ही मूर्ति के सामने पूजा के चांदी के बर्तन व अन्य सामान यथावत पड़े हैं जिन्हें चुराकर नहीं ले गए। जो इस चोरी की वारदात को भी संशय की ओर ले जाती है। खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
Published on:
17 Jan 2020 01:39 pm
